Sitamarhi News: मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय खेल दिवस-2026 के तहत फिट इंडिया अभियान के अंतर्गत शनिवार को जानकी इंडोर स्टेडियम में विभिन्न खेल गतिविधियों का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन डीएम तनय सुल्तानिया ने मेजर ध्यानचंद के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर किया. इस दौरान युवाओं और विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा प्रतिदिन कम से कम एक घंटा खेल व शारीरिक गतिविधियों में शामिल होने के लिए प्रेरित किया गया.
एक घंटा खेल के मैदान में का दिया गया संदेश
डीपीआरओ कमल सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर जिले के शैक्षणिक संस्थानों में 28 से 30 अगस्त तक विभिन्न खेलकूद एवं फिटनेस गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं. इस वर्ष राष्ट्रीय खेल दिवस का प्रमुख संदेश ‘एक घंटा खेल के मैदान में’ निर्धारित किया गया है.
अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों और युवाओं को प्रतिदिन कम से कम एक घंटा खेल एवं शारीरिक गतिविधियों के लिए समय देने के प्रति जागरूक किया जा रहा है.
कबड्डी, भारोत्तोलन और बैडमिंटन समेत कई खेल
फिट इंडिया अभियान के तहत कबड्डी, भारोत्तोलन, बैडमिंटन और क्रिकेट सहित विभिन्न आउटडोर एवं इंडोर खेल गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं. इन गतिविधियों का उद्देश्य युवाओं में खेल के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ शारीरिक फिटनेस, अनुशासन और टीम भावना को मजबूत करना है.
खेल से बढ़ता है आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता
डीएम तनय सुल्तानिया ने कहा कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण नहीं है, बल्कि इससे अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का भी विकास होता है. उन्होंने कहा कि स्वस्थ और सशक्त समाज के निर्माण के लिए खेलों को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना जरूरी है.
खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने पर जोर
डीएम ने कहा कि जिले में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. उन्होंने विद्यार्थियों, युवाओं और आम लोगों से फिटनेस एवं खेल गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की.
शैक्षणिक संस्थानों में भी आयोजित होंगी गतिविधियां
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर जिले के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में 28 से 30 अगस्त तक खेलकूद और फिटनेस से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं. प्रशासन का उद्देश्य इन गतिविधियों के माध्यम से अधिक से अधिक विद्यार्थियों और युवाओं को खेल से जोड़ना है.
अधिकारी, प्रशिक्षक और खिलाड़ी रहे मौजूद
कार्यक्रम में डीडीसी श्वेता भारती, एडीएम, विभागीय जांच पदाधिकारी राहुल कुमार, डीईओ, जिला खेल पदाधिकारी समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी, प्रशिक्षक, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे.
यह भी पढ़ें: एक आदेश में वसूली पर रोक, दूसरे में मंजूरी! बेतिया में आखिर किसके आदेश पर कटेगा वाहन शुल्क?
