Sitamarhi: या अली, या हुसैन की गूंजती रहीं सदाएं

मुहर्रम के अवसर पर रविवार को शहर में ताजिया जुलूस निकाली गयी. या अली या अली की गूंज से शहर गूंज उठा.

सीतामढ़ी. मुहर्रम के अवसर पर रविवार को शहर में ताजिया जुलूस निकाली गयी. या अली या अली की गूंज से शहर गूंज उठा. विभिन्न ताजिया अखाड़ा के द्वारा निकाली गयी जुलूस में खिलाड़ियों ने कई तरह के करतब दिखाये. अहले सुबह से ही शहर में मुहर्रम को लेकर गाजे-बाजे व परंपरागत हथियारों के साथ ताजिया की झांकियां निकाली गयी. जुलूस में भारी भीड़ उमड़ी थी. शहर में अखाड़ा हैदरी खड़का, इस्लामपुर इस्लामिया अखाड़ा, बाबरी अखाड़ा हॉस्पिटल रोड, शहीदी अखाड़ा, नूरी अखाड़ा रीगा रोड चंडिहा, हुसैनी इस्लामिया अखाड़ा रीगा रोड खैरवा, अखाड़ा रब्बानी वार्ड नंबर 29, कौमी इस्लामिया अखाड़ा गुदरी रोड का ताजिया, हैदरी अखाड़ा मधुबन समेत अन्य अखाड़ों के जुलूस में बड़ी संख्या में बच्चें और महिलाएं भी शामिल रहीं. ताजिया जुलूस को लेकर शहर में मेला का भी आयोजन था. कहीं-कहीं झूला भी लगा था. इससे पूर्व सुबह तमाम मस्जिदों में मुहर्रम की नमाज अदा की गयी. नमाज में अल्लाह से मुल्क और समाज की सलामती और खुशहाली की दुआ मांगी गयी. शहर के मेहसौल चौक, मेन रोड आदि जगहों पर विभिन्न स्वयंसेवी संस्था की ओर से मेडिकल कैंप लगाया गया था, जहां करतब दिखाने के दौरान घायल हुए लोगों का प्राथमिक उपचार किया गया.

मुहर्रम जुलूस को लेकर शहर में रही कड़ी सुरक्षा

मुहर्रम पर्व के दौरान ताजिया जुलूस को लेकर पूरे शहर में सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किये गये थे. शहर के मेहसौल चौक, कारगिल चौक, राजोपट्टी, वीर कुंवर सिंह चौक, किरण चौक, महंथ साह चौक, गांधी चौक, भवदेपुर चौक, जानकी स्थान, रीगा रोड, गौशाला चौक, डुमरा शंकर चौक, बड़ी बाजार समेत सभी संवेदनशील जगहों पर दंडाधिकारियों के साथ पुलिस अधिकारी व एसएसबी, बीसैप और होमगार्ड के जवानों की तैनाती की गयी थी. डीएम रिची पांडेय व एसपी अमित रंजन ने सयुंक्त रुप से जिले में सुरक्षा व विधि-व्यवस्था का जायजा लिया तथा अधिकारियों को कई जरूरी निर्देश दिये. सदर एसडीओ आनंद कुमार, एसडीपीओ वन राम कृष्णा, ट्रैफिक डीएसपी दीपक कुमार, डुमरा सीओ डॉली कुमारी, नगर थानाध्यक्ष विनय प्रताप सिंह, मेहसौल थानाध्यक्ष फेराज हुसैन ने पुलिस टीम के साथ शहरी क्षेत्र का जायजा लिया.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: RANJEET THAKUR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >