Sitamarhi News: सोनबरसा प्रखंड के बीपीआरओ रौशन कुमार झा के बैंक खाते में संदिग्ध वित्तीय लेन-देन की शिकायत सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है. प्रारंभिक जांच में संदिग्ध ट्रांजेक्शन के संकेत मिलने पर डीएम रिची पांडेय ने उनके वेतन भुगतान पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है.
मामले की विस्तृत जांच के लिए इसे डीडीसी को सौंप दिया गया है. जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
जन शिकायत के दौरान सामने आया मामला
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को डीएम रिची पांडेय अपने कार्यालय कक्ष में 'सबका सम्मान, जीवन आसान' कार्यक्रम के तहत आम लोगों की शिकायतें सुन रहे थे. इसी दौरान एक व्यक्ति ने बीपीआरओ रौशन कुमार झा के बैंक खाते से कथित अवैध भुगतान की लिखित शिकायत सौंपी.
शिकायत मिलने के बाद डीएम के निर्देश पर तत्काल प्रारंभिक जांच कराई गई.
प्रारंभिक जांच में मिले संदिग्ध लेन-देन के संकेत
प्रशासन के अनुसार, प्रारंभिक जांच में बीपीआरओ के बैंक खाते में कुछ संदिग्ध वित्तीय लेन-देन की जानकारी सामने आई. इसी आधार पर डीएम ने मामले को प्रथमदृष्टया गंभीर मानते हुए वेतन भुगतान पर रोक लगाने का निर्णय लिया.
हालांकि, अभी जांच जारी है और आरोपों पर अंतिम निष्कर्ष नहीं निकला है.
डीडीसी करेंगे विस्तृत जांच
डीएम ने पूरे मामले की जांच डीडीसी को सौंप दी है. डीपीआरओ कमल सिंह ने डीएम के हवाले से बताया कि जांच प्रतिवेदन प्राप्त होने के बाद उपलब्ध तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.
फिलहाल जांच पूरी होने तक बीपीआरओ रौशन कुमार झा के वेतन भुगतान पर रोक रहेगी.
