Sitamarhi crime News: सीतामढ़ी जिले के चोरौत थाना क्षेत्र के चोरौत उत्तरी पंचायत के वार्ड एक में गुरुवार की देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आयी. यहां एक सनकी पुत्र ने अपनी ही मां की पीट-पीटकर हत्या कर दी. इस वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गयी है. मृतका की पहचान 60 वर्षीया पवित्री देवी उर्फ मन रखनी के रूप में हुई है, जो रामकिशुन मुखिया की पत्नी थीं.
son kills mother: फूसनुमा घर की टाटी तोड़कर अंदर घुसा आरोपी
ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, पवित्री देवी अपने फूसनुमा घर में सोयी हुई थी. इसी दौरान आधी रात को उनका पुत्र सिकंदर मुखिया घर की टाटी तोड़कर अंदर घुस गया. आरोप है कि उसने सोते वक्त मां के सिर पर बांस के टोटा से ताबड़तोड़ कई वार किए. सिर में गंभीर चोट लगने के कारण मौके पर ही उनकी मौत हो गई.
थानाध्यक्ष मोनी कुमारी ने त्वरित कार्रवाई कर दबोचा
घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष मोनी कुमारी पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचीं. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सीतामढ़ी भेज दिया. इसके बाद फरार आरोपी की तलाश में पुलिस ने विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी शुरू की.
परिगामा पंचायत से गिरफ्तार हुआ आरोपी पुत्र
स्थानीय लोगों से मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सिकंदर मुखिया को थाना क्षेत्र के परिगामा पंचायत अंतर्गत योगिया गांव से गिरफ्तार कर लिया. थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है. मृतका के परिजनों से लिखित आवेदन मिलने के बाद आगे की प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें... समस्तीपुर जंक्शन पर स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस से शराब बरामद, युवक-युवती गिरफ्तार
