सीतामढ़ी से राकेश कुमार राज की रिपोर्ट
Sitapuram Satellite Project: सीतापुरम सैटेलाइट प्रोजेक्ट को लेकर आंदोलनरत भूमि बचाओ संघर्ष समिति और जिला प्रशासन के बीच मंगलवार को समाहरणालय स्थित डीएम कार्यालय में वार्ता हुई. सांसद देवेश चंद्र ठाकुर की पहल पर आयोजित इस बैठक में समिति के प्रतिनिधियों ने परियोजना वापस लेने की मांग रखी, लेकिन वार्ता किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंच सकी.
किसानों ने सौंपा हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन
वार्ता के दौरान भूमि बचाओ संघर्ष समिति के सदस्य डॉ. आनंद किशोर ने हजारों किसान-मजदूरों के हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन जिलाधिकारी रिची पांडेय को सौंपा. समिति ने मांग की कि सीतापुरम योजना को तत्काल वापस लिया जाए और किसानों की उपजाऊ भूमि का अधिग्रहण न किया जाए.
डीएम बोले- सरकार तक पहुंचेगी किसानों की मांग
समिति के अनुसार जिलाधिकारी ने कहा कि वह योजना के कार्यान्वयन से जुड़े अधिकारी हैं और किसानों की भावनाओं एवं मांगों को राज्य सरकार तक पहुंचाएंगे. उन्होंने आश्वासन दिया कि ज्ञापन में उठाए गए सभी बिंदुओं को संबंधित स्तर पर भेजा जाएगा.
उपजाऊ जमीन बचाने की उठी मांग
ज्ञापन में कहा गया कि माता सीता मंदिर का निर्माण शीघ्र पूरा किया जाए, लेकिन सीतापुरम परियोजना के नाम पर किसानों की जमीन लेकर डेवलपर और कॉरपोरेट समूहों को लाभ पहुंचाने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए. समिति का कहना है कि रीगा चीनी मिल क्षेत्र की उपजाऊ जमीन किसानों की आजीविका और पर्यावरण दोनों के लिए महत्वपूर्ण है.
यह भी पढ़ें: सीतामढ़ी के जयानंद ठाकुर ने BPSC में लहराया परचम, भव्य समारोह में किया गया सम्मानित
पहले ही कई परियोजनाओं के लिए जा चुकी है जमीन
संघर्ष समिति ने कहा कि क्षेत्र की भूमि पहले ही दो राष्ट्रीय राजमार्ग, दो एक्सप्रेस-वे, रेलवे लाइन, राम-जानकी पथ, सैनिक रोड और BIADA परियोजनाओं के लिए अधिग्रहित की जा चुकी है. ऐसे में अब और भूमि अधिग्रहण किसानों के हितों के खिलाफ होगा.
कृषि आधारित उद्योग और जल प्रबंधन की मांग
समिति ने सरकार से कृषि आधारित उद्योगों को बढ़ावा देने तथा नदियों के जल प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने की मांग की. उनका कहना है कि इससे किसानों की आय बढ़ेगी और क्षेत्र का सतत विकास संभव होगा.
वार्ता में भूमि बचाओ संघर्ष समिति के संरक्षक बैधनाथ हाथी, समन्वयक किशोरी हाथी, संयोजक संतोष कुमार सिंह, सुरेंद्र महतो, रामसागर ठाकुर, खेदू महतो, सतीश कुमार सिंह, अनवर अंसारी, जितेंद्र हाथी, छोटे कुमार, राजन हाथी, सुधीर कुमार सिंह, गुड्डू हाथी समेत कई किसान प्रतिनिधि मौजूद रहे.
यह भी पढ़ें: सीतामढ़ी के जयानंद ठाकुर ने BPSC में लहराया परचम, भव्य समारोह में किया गया सम्मानित
