सीतामढ़ी में तीज और चौरचन की तैयारी पूरी, बाजारों में खरीदारी के लिए उमड़ी भीड़

सीतामढ़ी जिले में हरतालिका तीज और चौरचन का पर्व उत्साह के साथ मनाया जाएगा. रविवार को दोनों पर्वों की तैयारी को लेकर बाजारों में जमकर खरीदारी हुई. श्रृंगार सामग्री से लेकर पूजन सामग्री तक की खूब हुई बिक्री.

Sitamarhi News: सीतामढ़ी. जिले में सोमवार को दिन में हरतालिका तीज और शाम को चौठ चंद्र यानी चौरचन का पर्व मनाया जाएगा. दोनों पर्वों को लेकर रविवार को शहर से लेकर गांव तक बाजारों में खूब चहल-पहल रही. शहर के गुदरी बाजार, डुमरा के शंकर चौक स्थित गुदरी बाजार, बरियारपुर, भवदेवपुर समेत विभिन्न ग्रामीण बाजारों में खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ी. पर्व को लेकर श्रृंगार सामग्री, वस्त्र, पूजन सामग्री, किराना सामान, फल और सब्जियों की जमकर बिक्री हुई. मांग बढ़ने के कारण फल और सब्जियों के दाम भी चढ़े रहे.

हरतालिका तीज पर सुहागिन रखेंगी निर्जला व्रत

हरतालिका तीज पर सुहागिन महिलाएं पति की लंबी आयु, सुख-समृद्धि और अखंड सौभाग्य की कामना के लिए निर्जला व्रत रखेंगी. महिलाएं दिनभर अन्न-जल का त्याग कर शाम को भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा-अर्चना करेंगी. व्रत को लेकर महिलाओं ने रविवार को पूजा और श्रृंगार सामग्री की खरीदारी की.

शिव को पति रूप में पाने के लिए पार्वती ने किया था तप

धार्मिक मान्यता के अनुसार, माता पार्वती ने भगवान शिव को पति रूप में प्राप्त करने के लिए कठोर तप किया था. तप और संकल्प के बाद माता पार्वती को भगवान शिव पति के रूप में प्राप्त हुए. इसी तप और संकल्प की स्मृति में हरतालिका तीज का व्रत रखने की परंपरा है. कई स्थानों पर कुंवारी युवतियां भी मनोवांछित वर की कामना से यह व्रत रखती हैं.

शाम को चौरचन पर चंद्रमा को दिया जाएगा अर्घ्य

सीतामढ़ी में चौठ चंद्र यानी चौरचन पर्व का भी विशेष महत्व है. शाम को घरों में पूजा की तैयारी होगी और परिवार के सदस्य चंद्रमा को अर्घ्य देकर पूजा-अर्चना करेंगे. विभिन्न प्रकार के फल, पकवान और प्रसाद चंद्रमा को अर्पित किये जाएंगे. लोक परंपरा में चौरचन को सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली से जोड़कर देखा जाता है.

चौरचन की खरीदारी को लेकर बाजारों में रही खास भीड़

स्थानीय लोगों के अनुसार, सीतामढ़ी में तीज की अपेक्षा चौरचन को लेकर अधिक उत्साह रहता है. यही कारण रहा कि रविवार को बाजारों में चौरचन की खरीदारी के लिए विशेष भीड़ रही. लोगों ने पूजा सामग्री के साथ फल, सब्जी और अन्य जरूरी सामान की जमकर खरीदारी की. बाजारों में दिनभर पर्व की खरीदारी को लेकर रौनक बनी रही.

घर-घर में पूरी हुई पर्व की तैयारी

तीज और चौरचन को लेकर घर-घर में तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं. महिलाओं ने व्रत और पूजा के लिए जरूरी सामग्री जुटा ली है. वहीं चौरचन को लेकर परिवारों में भी विशेष उत्साह है. बाजारों में बढ़ी भीड़ से कारोबारियों के चेहरे भी खिले रहे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By रतिकांत झा

रतिकांत पिछले करीब 17 वर्षों से पत्रकारिता में निरंतर कार्यरत हैं. उन्हें राजनीति, धर्म-अध्यात्म, पर्व-त्योहार, अपराध, सामाजिक सरोकार, शिक्षा, स्वास्थ्य और सरकारी योजनाओं जैसे बहुआयामी विषयों पर लगातार सटीक रिपोर्टिंग का व्यापक अनुभव प्राप्त है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >