Sitamarhi: रेलवे ठेकेदार बनकर ईंट व्यवसायी से 1.90 लाख की साइबर ठगी

सीतामढ़ी में रेलवे ठेकेदार बनकर ईंट व्यवसायी से करीब 1.90 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी कर ली गई. फर्जी पेमेंट मैसेज दिखाकर आरोपी ने झांसे में लिया. पढ़ें पूरी खबर…

Sitamarhi News: सीतामढ़ी जिले के रून्नीसैदपुर थाना क्षेत्र में रेलवे ठेकेदार बनकर एक ईंट व्यवसायी से करीब 1.90 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है. पीड़ित ने साइबर सेल में आवेदन देकर कार्रवाई और राशि वापस दिलाने की मांग की है.

जानकारी के अनुसार, रून्नीसैदपुर टोल प्लाजा के पास ‘सहारा ईंट उद्योग’ नाम से ईंट भट्ठा संचालित करने वाले व्यवसायी के यहां एक व्यक्ति पहुंचा. उसने खुद को रेलवे का ठेकेदार बताते हुए निर्माण कार्य के लिए ईंट खरीदने की बात कही. इस दौरान उसने भुगतान के नाम पर फर्म के करेंट अकाउंट की जानकारी ले ली.

फर्जी मैसेज दिखाकर झांसे में लिया

पीड़ित दानिश खान ने अपने आवेदन में बताया है कि 25 अप्रैल 2026 को उनके चाचा के मोबाइल पर एक मैसेज आया, जिसमें खाते में 3.99 लाख रुपये ट्रांसफर होने की सूचना दी गई थी.

इसके बाद आरोपी ने फोन कर कहा कि उसे केवल दो लाख रुपये की ईंट चाहिए, इसलिए अतिरिक्त राशि वापस कर दी जाए. मैसेज को सही मानकर पीड़ित पक्ष झांसे में आ गया और अलग-अलग तिथियों में कुल 1.90 लाख रुपये विभिन्न यूपीआई आईडी पर ट्रांसफर कर दिए.

तीन दिनों में भेजी गई रकम

आवेदन के अनुसार, 25 अप्रैल को 90 हजार रुपये, 26 अप्रैल को 50 हजार रुपये और 27 अप्रैल को 50 हजार रुपये ऑनलाइन भेजे गए. यह राशि पेटीएम ऐप के माध्यम से अलग-अलग यूपीआई आईडी पर ट्रांसफर की गई.

बाद में जांच करने पर पता चला कि खाते में कोई वास्तविक राशि आई ही नहीं थी और उनके साथ साइबर ठगी हो चुकी है.

साइबर पुलिस जांच में जुटी

पीड़ित ने साइबर सेल से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और ठगी गई राशि वापस दिलाने की मांग की है.

पुलिस ने आवेदन मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है. साइबर थाना की टीम यूपीआई आईडी और मोबाइल नंबर के आधार पर ठगों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है.

सीतामढ़ी से राहुल गौतम की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sarfaraz Ahmad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >