सीतामढ़ी के सोनबरसा से वीरेन्द्र कुमार यादव की रिपोर्ट
Sitamarhi News: सोनबरसा भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एसएसबी (SSB) 51वीं बटालियन की सोनबरसा कंपनी के जवानों ने बुधवार दोपहर बड़ी सफलता हासिल की है.जवानों ने एक बोलेरो वाहन से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है.इस कार्रवाई के दौरान एक तस्कर को चार पहिया वाहन के साथ गिरफ्तार किया गया है.गिरफ्तार तस्कर की पहचान शिवहर जिले के तरियानी थाना क्षेत्र के विंदावन गांव निवासी मनीष कुमार के रूप में हुई है.
गुप्त सूचना पर एसएसबी कमांडर ने की नाकेबंदी
जानकारी के अनुसार, एसएसबी सोनबरसा कंपनी के कमांडर सहायक सेनानायक सुमित कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि नेपाल के मलंगवा क्षेत्र से हनुमान चेक पोस्ट के रास्ते बोलेरो में गांजा की बड़ी खेप भारत लाई जा रही है.सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसएसबी ने सीमा स्तंभ संख्या 326/32 के समीप उप निरीक्षक साक्षी के नेतृत्व में जवानों को अलर्ट कर सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया.
बोलेरो की छतरी में बने विशेष खांचे से निकला गांजा
इसी दौरान एक सफेद रंग की बोलेरो वहां पहुंची.जवानों ने जब वाहन को रोककर उसकी गहन तलाशी ली, तो गाड़ी की छतरी (रूफ) के ऊपर विशेष रूप से बनाए गए खांचे से 110 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ.इतनी बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ मिलने के बाद एसएसबी ने तस्कर को मौके पर ही दबोच लिया.
तस्कर और जब्त गांजा सोनबरसा पुलिस के हवाले
एसएसबी ने जब्त बोलेरो, गांजा और गिरफ्तार तस्कर को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए सोनबरसा थाना पुलिस को सौंप दिया है.थाना अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि बरामद गांजे को जब्त कर आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की जा रही है और उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया जारी है.
