सीतामढ़ी से रतिकांत झा की रिपोर्ट
Sitamarhi News: सीतामढ़ी जिले के सहियारा थाना क्षेत्र में रविवार देर रात हुई एक हत्या की वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. हनुमान नगर गांव में एक अधेड़ महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई. शुरुआती जानकारी के अनुसार घटना का संबंध महिला के पुत्र से जुड़े किसी विवाद से बताया जा रहा है. वारदात के बाद गांव में दहशत का माहौल है और लोग घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं.
घर के पास हुई वारदात
मृतका की पहचान हनुमान नगर निवासी राजदेव मुखिया की 50 वर्षीय पत्नी मनतोड़िया देवी के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि रविवार देर रात अचानक गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े. वहां महिला को गंभीर हालत में पाया गया. हालांकि तब तक उनकी मौत हो चुकी थी.
सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस महकमा सक्रिय हो गया. सदर एसडीपीओ, रीगा सर्किल इंस्पेक्टर और सहियारा थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की जानकारी जुटाई.
कई बिंदुओं पर जांच जारी
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है. प्रारंभिक जांच में घटना को पुत्र से जुड़े विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है.
आरोपितों की तलाश में छापेमारी
पुलिस ने बताया कि मामले में संदिग्ध लोगों की पहचान करने और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है, जिसे देखते हुए पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है.
