सीतामढ़ी से राकेश कुमार राज की रिपोर्ट
Sitamarhi News: मिथिलांचल के रेल यात्रियों और श्रद्धालुओं के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर है. गुरुवार को सीतामढ़ी जंक्शन से आंध्र प्रदेश के तिरुपति के लिए पहली नियमित ट्रेन संख्या 17433/34 की सेवा शुरू हो गई है. माता सीता की पावन प्राकट्य स्थली से भगवान वेंकटेश्वर की नगरी के लिए सीधी ट्रेन सेवा मिलने से पूरे इलाके के लोगों में भारी उत्साह और खुशी का माहौल है.
माता सीता की भूमि से सीधे जुड़ेगी भगवान वेंकटेश्वर की नगरी
कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) और केंद्रीय रेलवे रेलयात्री संघ, सीतामढ़ी के जिलाध्यक्ष राजेश कुमार सुंदरका और कैट सचिव आलोक कुमार ने इस ऐतिहासिक शुरुआत के लिए रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव और सांसद देवेश चंद्र ठाकुर का विशेष आभार जताया. उन्होंने कहा कि इस सीधी सेवा से मिथिलांचल के लोगों के लिए दक्षिण भारत की यात्रा अब बेहद आसान, सुलभ और सुविधाजनक हो जाएगी.
लोको पायलट और एएलपी का फूल-माला से भव्य स्वागत
ट्रेन की शुरुआत के अवसर पर जिलाध्यक्ष सुंदरका की अध्यक्षता में रक्सौल से सीतामढ़ी पहुंची इस ट्रेन के लोको पायलट नवीन कुमार और एएलपी चंदन सिंह को फूल-माला पहनाने के साथ ही माता सीता की झांकी भेंट कर सम्मानित किया गया.
जानिए क्या है इस नई ट्रेन की समय सारणी और रूट
यह नई ट्रेन 2716 किलोमीटर का लंबा सफर तय करेगी. ट्रेन संख्या 17434 हर गुरुवार को रक्सौल से सुबह 3:15 बजे खुलकर सीतामढ़ी सुबह 4:42 बजे पहुंचेगी और 4:47 बजे तिरुपति के लिए रवाना होगी. यह शनिवार सुबह 9:30 बजे तिरुपति पहुंचेगी. वापसी में ट्रेन संख्या 17433 सोमवार सुबह 8:15 बजे तिरुपति से खुलकर बुधवार दोपहर 2:55 बजे सीतामढ़ी पहुंचेगी. इस दौरान पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक और डीआरएम समस्तीपुर के प्रति भी आभार व्यक्त किया गया.
