सीतामढ़ी से राकेश कुमार राज की रिपोर्ट
Sitamarhi News: सीतामढ़ी में विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर भारत-नेपाल सीमा पर तैनात 20वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने पर्यावरण संरक्षण का मजबूत संदेश दिया. वाहिनी की ओर से सीमावर्ती इलाकों में व्यापक पौधारोपण अभियान चलाया गया, जिसमें जवानों के साथ स्थानीय लोगों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. इस पहल का उद्देश्य हरित वातावरण को बढ़ावा देने के साथ लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना रहा.
1100 पौधों का किया गया रोपण
कार्यवाहक कमांडेंट मुकेश कुमार गुर्जर के नेतृत्व में वाहिनी मुख्यालय, विभिन्न समवाय मुख्यालयों और भारत-नेपाल सीमा से जुड़े क्षेत्रों में कुल 1100 पौधे लगाए गए. इनमें फलदार, छायादार और औषधीय प्रजातियों के पौधे शामिल हैं. अभियान के दौरान अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों और जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई.
पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
पौधारोपण कार्यक्रम के दौरान कार्यवाहक कमांडेंट ने जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि देश की सीमाओं की सुरक्षा के साथ प्रकृति की रक्षा करना भी सभी की जिम्मेदारी है. उन्होंने कहा कि पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण भी जरूरी है ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण मिल सके.
सिंगल-यूज प्लास्टिक से दूरी की शपथ
कार्यक्रम के समापन पर सभी अधिकारियों और जवानों ने स्वच्छ पर्यावरण बनाए रखने तथा सिंगल-यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने का संकल्प लिया. इस अवसर पर स्थानीय ग्रामीणों ने भी एसएसबी की इस पहल की सराहना की और पर्यावरण संरक्षण के लिए ऐसे अभियान लगातार चलाने की मांग की. पूरे कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण जागरूकता का संदेश प्रमुखता से दिया गया.
