सीतामढ़ी से राकेश कुमार राज की रिपोर्ट
Sitamarhi News: सीतामढ़ी जिला पुलिस की स्पेशल टीम और कन्हौली थाने की पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है. पुलिस ने शुक्रवार की रात पिपरा घाट स्थित एक बगीचे में छापेमारी कर हाइवे पर हुई लूट की वारदात का सनसनीखेज खुलासा किया है. इस कार्रवाई के दौरान तीन कुख्यात अपराधियों को रंगे हाथ दबोचा गया है. गिरफ्तार बदमाशों की पहचान कन्हौली थाना क्षेत्र के कचोर गांव निवासी राजन कुमार, ऋतिक कुमार और सहियारा थाना क्षेत्र के मयूरी गांव निवासी अमित सहनी के रूप में हुई है. पुलिस ने इनके पास से लूटी गई बाइक, हथियार और नशीले पदार्थ बरामद किए हैं.
सीसीटीवी और गुप्त सूचना के आधार पर बिछाया गया जाल
अपर पुलिस अधीक्षक सह सदर एसडीपीओ-2 आशीष आनंद ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस पूरे मामले की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि 1 जून 2026 को भुतही नहर के पास काले रंग की अपाचे बाइक पर सवार बदमाशों ने सोनबरसा के एक व्यवसायी सोनू कुमार से हथियार के बल पर लूटपाट की थी. इस मामले में कन्हौली थाने में कांड संख्या 83/26 दर्ज किया गया था. पुलिस ने वारदात के बाद सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी इनपुट जुटाए. इसी बीच गुप्त सूचना मिली कि अपराधी पिपरा घाट के पास किसी नई वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं, जिसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों को दबोच लिया.
भारी मात्रा में हथियार, बाइक और मादक पदार्थ बरामद
तलाशी के दौरान गिरफ्तार अपराधियों के पास से एक देसी कट्टा, दो जिंदा कारतूस, एक अपाचे बाइक, एक आर वन बाइक, लाल रंग का हेलमेट, लूटा गया सामान, तीन मोबाइल और भारी मात्रा में मादक पदार्थ (ड्रग्स) बरामद किए गए हैं. पूछताछ में तीनों ने लूट की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है. इस बरामदगी के बाद पुलिस ने इनके खिलाफ आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत एक नया मामला (कांड संख्या 85/26) दर्ज किया है.
