Sitamarhi News: प्रखंड प्रमुख निर्मला देवी पर लगे अविश्वास प्रस्ताव के बाद अभी नए प्रमुख का चुनाव भी नहीं हो पाया था कि प्रखंड की राजनीति में एक और बड़ा भूचाल आ गया है. अब उप प्रमुख उमेश कुमार साह की कुर्सी पर भी संकट के बादल मंडराने लगे हैं. गुरुवार को प्रखंड की राजनीति उस समय गरमा गई, जब पंचायत समिति के 9 सदस्यों ने एकजुट होकर उप प्रमुख के खिलाफ मोर्चा खोल दिया और उनके विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस सौंप दिया.
बीडीओ को सौंपा ज्ञापन, लगाए गंभीर आरोप
पंचायत समिति सदस्य राजकुमार राय, राकेश कुमार सिंह, अरुण कुमार सिंह, गणेश पासवान, खुशबू कुमारी, किरण देवी, समीला खातून, संतोष पासवान और अनोज कुमार सहित नौ सदस्यों ने बीडीओ सह सचिव संजय पाठक को इस संबंध में एक लिखित ज्ञापन सौंपा है. सदस्यों ने उप प्रमुख उमेश कुमार साह पर पद के दुरुपयोग और जनता की समस्याओं की अनदेखी करने का सीधा आरोप लगाया है. आवेदन में कहा गया है कि उप प्रमुख के कार्यकाल में सरकारी कार्यालयों में बिचौलियों और असामाजिक तत्वों का बोलबाला बढ़ गया है.
सदस्यों में नाराजगी, जल्द तय होगी मत विभाजन की तिथि
अविश्वास प्रस्ताव लाने वाले सदस्यों का कहना है कि उप प्रमुख पंचायत समिति के विकास कार्यों में कोई रुचि नहीं ले रहे हैं और उनके उदासीन व्यवहार से अधिकांश सदस्य बेहद आहत हैं. इधर, बीडीओ संजय पाठक ने ज्ञापन मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि नियमानुसार पंचायत समिति सदस्यों की सहमति से बहुत जल्द चर्चा और मत विभाजन (फ्लोर टेस्ट) के लिए तिथि निर्धारित की जाएगी. इस नए घटनाक्रम के बाद से रीगा प्रखंड के जन-प्रतिनिधियों के बीच सियासी जोड़-तोड़ और गुटबाजी का दौर एक बार फिर तेज हो गया है.
सीतामढ़ी के रीगा से अभय सिंह की रिपोर्ट
