सीतामढ़ी से मोहम्मद दुलारे की रिपोर्ट
Sitamarhi News: सीतामढ़ी जिले के परिहार थाना क्षेत्र से एक बेहद रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है. थाना क्षेत्र अंतर्गत मानीकपुर मुशहरनीया पंचायत के खोपरहीया गांव में बेखौफ अपराधियों ने एक 12 वर्षीय मासूम बच्ची की गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी. वारदात को अंजाम देने के बाद हत्यारों ने बच्ची के शव को गांव के ही एक खेत में फेंक दिया. देर रात खून से लथपथ हालत में बच्ची का शव मिलने के बाद पूरे इलाके में कोहराम मच गया है.
बाजार से घर नहीं लौटने पर शुरू हुई खोजबीन
प्राप्त जानकारी के अनुसार, खोपरहीया गांव की रहने वाली मासूम बच्ची सोमवार की शाम को किसी काम से स्थानीय बाजार गई थी. जब देर शाम तक वह वापस अपने घर नहीं लौटी, तो परिजनों को चिंता सताने लगी. इसके बाद परिवार के सदस्यों और ग्रामीणों ने अपने स्तर से बाजार और आसपास के इलाकों में बच्ची की से तलाश शुरू की.
खेत में मिला शव
खोजबीन के क्रम में देर रात्रि गांव के ही एक खेत की तरफ गए ग्रामीणों की नजर खून से सने शव पर पड़ी. पास जाकर देखने पर परिजनों के होश उड़ गए, वह लापता मासूम बच्ची का ही शव था. अपराधियों ने किसी धारदार हथियार से बच्ची का गला रेत दिया था.
थानाध्यक्ष ने शुरू की जांच
वारदात की सूचना मिलते ही परिहार के थानाध्यक्ष पंकज कुमार यादव तुरंत पुलिस बल के साथ आधी रात को ही घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर कागजी प्रक्रिया पूरी की और मंगलवार की सुबह शव को पोस्टमार्टम के लिए सीतामढ़ी सदर अस्पताल भेज दिया.
पूर्व के विवाद में हत्या की आशंका
थानाध्यक्ष पंकज कुमार यादव ने मामले की आधिकारिक पुष्टि करते हुए बताया कि प्रथम यह घटना आपसी रंजिश और पूर्व से चले आ रहे किसी गहरे विवाद के कारण अंजाम दी गई प्रतीत हो रही है. उन्होंने स्पष्ट किया कि बच्ची की हत्या से संबंधित लिखित आवेदन अब तक पीड़ित परिवार की ओर से थाने में प्राप्त नहीं हुआ है. पुलिस को जैसे ही परिजनों की ओर से आधिकारिक आवेदन मिलेगा, तुरंत प्राथमिकी दर्ज कर ली जाएगी.
