सीतामढ़ी में फायर सेफ्टी को लेकर प्रशासन सख्त, तीन अस्पतालों का हुआ निरीक्षण

Sitamarhi News: सीतामढ़ी में डीएम के निर्देश पर तीन निजी अस्पतालों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की जांच की गई. फायर अलार्म, स्प्रिंकलर, एनओसी और अन्य सुरक्षा मानकों की समीक्षा के साथ नियमित मॉक ड्रिल कराने का भी निर्णय लिया गया. जानिए खबर विस्तार से…

सीतामढ़ी से चंद्रमोहन झा की रिपोर्ट

Sitamarhi News: डीएम के निर्देश पर गठित टीम ने बुधवार को शहर के तीन बड़े निजी अस्पतालों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया. जिला अग्निशमन अधिकारी अमृतांशु के नेतृत्व में टीम ने मेला रोड स्थित शिव गंगा इमरजेंसी हॉस्पिटल, साहू चौक स्थित नवजीवन मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल और रिंग बांध स्थित नंदीपत मेमोरियल हॉस्पिटल पहुंचकर सुरक्षा इंतजामों की बारीकी से जांच की.

फायर अलार्म से लेकर एनओसी तक की हुई पड़ताल

जांच टीम में गैर संचारी रोग पदाधिकारी डॉ. सुनील कुमार सिन्हा, श्वेता रानी सहित अन्य कर्मी शामिल थे. टीम ने अस्पतालों में लगे फायर अलार्म, स्प्रिंकलर सिस्टम, अग्निशामक यंत्र, विद्युत सुरक्षा व्यवस्था, पानी की उपलब्धता और अग्निशमन विभाग की अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) की जांच की. निरीक्षण के दौरान सुरक्षा मानकों के पालन की भी समीक्षा की गई.

दो अस्पतालों के दस्तावेज मिले अपडेट

डॉ. सुनील कुमार सिन्हा ने बताया कि शिव गंगा इमरजेंसी हॉस्पिटल और नवजीवन मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल के सभी आवश्यक दस्तावेज अद्यतन पाए गए. अस्पतालों में अग्नि सुरक्षा से जुड़े उपकरण भी निर्धारित मानकों के अनुरूप मिले. टीम ने आवश्यक सुरक्षा उपायों को नियमित रूप से दुरुस्त रखने का निर्देश दिया.

नियमित मॉक ड्रिल से कर्मियों को मिलेगा प्रशिक्षण

शिव गंगा इमरजेंसी हॉस्पिटल के संचालक डॉ. प्रमोद कुमार ने कहा कि अस्पताल कर्मियों को समय-समय पर अग्निशमन संबंधी प्रशिक्षण दिया जाना चाहिए. जिला अग्निशमन अधिकारी अमृतांशु ने बताया कि अस्पतालों में नियमित निरीक्षण के साथ मॉक ड्रिल भी कराई जाएगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति में चिकित्सक और कर्मी त्वरित राहत एवं बचाव कार्य कर सकें.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Purushottam Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >