सीतामढ़ी: अस्पताल की जमीन पर मार्केट कॉम्प्लेक्स निर्माण का विरोध, प्रशासन ने रुकवाया काम

Sitamarhi News: सीतामढ़ी के बैरगनिया सीएचसी परिसर में प्रस्तावित मार्केट कॉम्प्लेक्स निर्माण का स्थानीय लोगों ने विरोध किया. अस्पताल की जमीन पर खुदाई शुरू होते ही विवाद बढ़ गया. प्रशासन ने हस्तक्षेप कर निर्माण कार्य रुकवा दिया और मामले की जांच शुरू कर दी. पढे़ं पूरी खबर…

सीतामढ़ी के बैरगनिया से रौशन झा की रिपोर्ट

Sitamarhi News: सीतामढ़ी जिले के बैरगनिया स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) की जमीन पर प्रस्तावित मार्केट कॉम्प्लेक्स निर्माण को लेकर विवाद गहरा गया है. निर्माण कार्य की शुरुआत होते ही स्थानीय लोगों ने इसका विरोध शुरू कर दिया, जिसके बाद प्रशासन को हस्तक्षेप करना पड़ा. विरोध बढ़ने पर मौके पर चल रहा निर्माण कार्य तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया.

जेसीबी पहुंचते ही शुरू हुआ विरोध

जानकारी के अनुसार, जिला परिषद की ओर से अस्पताल परिसर की जमीन पर मार्केट कॉम्प्लेक्स बनाने की तैयारी की जा रही थी. इसके लिए जेसीबी मशीन से खुदाई का काम शुरू किया गया. जैसे ही इसकी जानकारी स्थानीय लोगों को मिली, वे मौके पर पहुंच गए और निर्माण कार्य का विरोध करने लगे.

अस्पताल की जमीन बचाने की उठी मांग

स्थानीय लोगों का कहना है कि जिला परिषद के पास अन्य स्थानों पर पर्याप्त जमीन उपलब्ध है, ऐसे में अस्पताल परिसर की जमीन का उपयोग व्यावसायिक निर्माण के लिए नहीं किया जाना चाहिए. लोगों का तर्क है कि भविष्य में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को रेफरल अस्पताल के रूप में विकसित किया जा सकता है. ऐसे में अस्पताल की जमीन को सुरक्षित रखना जरूरी है ताकि स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार में किसी तरह की परेशानी न हो.

प्रशासन ने रुकवाया निर्माण कार्य

विरोध की सूचना मिलने के बाद प्रशासन हरकत में आया. स्थानीय प्रशासन के निर्देश पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा और खुदाई का काम बंद करा दिया गया. इस दौरान स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य से संबंधित वैध आदेश और दस्तावेज दिखाने की मांग की. हालांकि, मौके पर मौजूद लोग कोई स्पष्ट दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके.

जांच के बाद आगे होगा फैसला

फिलहाल निर्माण कार्य रोक दिया गया है. प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है और संबंधित पक्षों से आवश्यक दस्तावेज मांगे गए हैं. जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Aniket Kumar

अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >