Sitamarhi Gas Connection: डुमरा ग्रामीण क्षेत्र की आंगनबाड़ी सेविकाओं ने गैस कनेक्शन और लंबित मानदेय भुगतान को लेकर जिला प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की है. इस संबंध में आंगनबाड़ी सेविका संघ की ओर से जिलाधिकारी को आवेदन सौंपकर जल्द समाधान की मांग की गई है.
संघ की अध्यक्ष सीता कुमारी और कोषाध्यक्ष रेखा कुमारी ने कहा है कि डुमरा ग्रामीण क्षेत्र के 127 आंगनबाड़ी केंद्रों पर अब तक गैस कनेक्शन उपलब्ध नहीं कराया गया है. इसके कारण बच्चों के लिए पोषाहार तैयार करने में गंभीर परेशानी हो रही है.
127 केंद्रों पर अब तक नहीं मिला गैस कनेक्शन
सेविकाओं का कहना है कि विभागीय स्तर पर गैस कनेक्शन के लिए राशि उपलब्ध है, इसके बावजूद संबंधित आपूर्तिकर्ता कनेक्शन देने से इंकार कर रहे हैं. इससे केंद्रों का संचालन प्रभावित हो रहा है और बच्चों को मिलने वाले पोषाहार की व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है.
संघ ने प्रशासन से मांग की है कि सभी लंबित केंद्रों पर जल्द से जल्द गैस कनेक्शन उपलब्ध कराया जाए, ताकि पोषण कार्यक्रम सुचारू रूप से संचालित हो सके.
दिसंबर से लंबित है मानदेय
आंगनबाड़ी सेविकाओं ने आवेदन में यह भी बताया है कि उनका मानदेय दिसंबर माह से लंबित है. कई महीनों से भुगतान नहीं होने के कारण सेविकाओं को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है.
संघ का कहना है कि समय पर मानदेय नहीं मिलने से कार्य प्रभावित हो रहा है और सेविकाओं के समक्ष रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करना भी चुनौती बन गया है.
प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग
आंगनबाड़ी सेविका संघ ने जिलाधिकारी, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी (आईसीडीएस) और बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, डुमरा ग्रामीण से अनुरोध किया है कि 127 केंद्रों की सेविकाओं को शीघ्र गैस कनेक्शन उपलब्ध कराया जाए तथा लंबित मानदेय का भुगतान सुनिश्चित किया जाए.
संघ का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो बच्चों के पोषाहार वितरण और आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है.
यह भी पढे़ं: बागमती उफान पर, देखते ही देखते बह गया पुल, अब ग्रामीणों को करना होगा लंबा सफर
