सीतामढ़ी: 26 घंटे में दो हत्याओं से दहला सीतामढ़ी, अपराधियों के सामने पुलिस बेबस

सीतामढ़ी में 26 घंटे के भीतर दो हत्याओं से सनसनी फैल गई है. रून्नीसैदपुर और नानपुर में हुई वारदातों के बाद लोगों में डर और आक्रोश का माहौल है. पढ़ें पूरी खबर…

सीतामढ़ी से अमिताभ कुमार की रिपोर्ट

Sitamarhi News: सीतामढ़ी जिले में अपराधियों ने 26 घंटे के भीतर दो बड़ी हत्याओं को अंजाम देकर पुलिस व्यवस्था को चुनौती दे दी है. लगातार हो रही हत्या, लूट, चोरी और मारपीट की घटनाओं से जिले में दहशत का माहौल है.

रून्नीसैदपुर में गोली मारकर हत्या

पहली वारदात 16 मई की रात रून्नीसैदपुर थाना क्षेत्र में हुई. बिशनपुर कामाख्या स्थान के पास अपराधियों ने बाइक सवार रामाशंकर राय को गोली मार दी.

घायल अवस्था में उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई. मृतक की पहचान बतरौली गांव निवासी 55 वर्षीय रामाशंकर राय के रूप में हुई.

पुलिस जांच में इस हत्याकांड के तार फरार इनामी अपराधी राकेश राय से जुड़ने की बात सामने आई है. बताया जा रहा है कि शूटरों ने उसके इशारे पर घटना को अंजाम दिया.

इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है.

नानपुर में सीएसपी संचालक की हत्या

पहली घटना की जांच जारी ही थी कि 17 मई की शाम नानपुर थाना क्षेत्र में अपराधियों ने दूसरी बड़ी वारदात को अंजाम दे दिया.

अपराधियों ने सीएसपी संचालक सुंदर कुमार यादव की गोली मारकर हत्या कर दी और बैग लूटकर फरार हो गए.

सरेशाम हुई इस वारदात के बाद व्यवसायियों और आम लोगों में भय का माहौल है.

बढ़ते अपराध से लोगों में डर

पिछले कुछ दिनों में जिले के अलग-अलग हिस्सों से चोरी, मारपीट और लूट की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं.

स्थानीय लोगों का कहना है कि अपराधियों में पुलिस का डर खत्म हो चुका है और जिले की कानून व्यवस्था चरमरा गई है.

दो दिनों के भीतर दो हत्याओं के बाद पुलिस महकमे में भी हड़कंप मचा हुआ है. पुलिस अधिकारियों का दावा है कि दोनों मामलों में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.

फिलहाल पूरे जिले में लोग सहमे हुए हैं और पुलिस कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sarfaraz Ahmad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >