सीतामढ़ी: आपराधिक साजिश नाकाम, तीन बदमाश अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार

Sitamarhi criminals arrested : जिले की भूतही थाना पुलिस ने गुप्त सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन बदमाशों को अवैध पिस्टल, मैगजीन और कारतूस के साथ गिरफ्तार कर बड़ी वारदात को नाकाम कर दिया. पुलिस ने आरोपियों के पास से बाइक भी जब्त की है. जानिए पूरी खबर…

सीतामढ़ी से रतिकांत झा की रिपोर्ट

Sitamarhi criminals arrested: जिले की भूतही थाना पुलिस ने एक बड़ी आपराधिक साजिश को नाकाम करते हुए तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने इनके पास से एक अवैध पिस्टल, दो मैगजीन, तीन जिंदा कारतूस, चार मोबाइल फोन और एक ग्लैमर बाइक बरामद की है.

गश्ती के दौरान मिली थी गुप्त सूचना

यह सफलता पुलिस को 17 जून की शाम गश्ती के दौरान मिली. पीटीसी मनोज रजक को गुप्त सूचना मिली कि एक बाइक पर सवार तीन युवक हथियार लेकर किसी वारदात को अंजाम देने बसहिया की ओर जा रहे हैं. सूचना के बाद पुलिस ने बसहिया-बेलाही पथ पर सघन वाहन जांच अभियान शुरू कर दिया.

भागने की कोशिश कर रहे बदमाश दबोचे गए

जांच के दौरान जब पुलिस ने एक बाइक पर तीन संदिग्धों को आते देखा, तो पुलिस को देखकर वे भागने लगे. हालांकि, मुस्तैद पुलिस बल ने खदेड़कर तीनों को दबोच लिया. तलाशी के दौरान बसहिया निवासी सिकंदर खान के पास से पिस्टल, मैगजीन और कारतूस मिला. मड़पा निवासी मो साकिब अहमद के पास से भी मैगजीन और कारतूस बरामद हुआ. वहीं, तीसरे आरोपी फैयाज अहमद से बाइक और मोबाइल जब्त किया गया.

आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज

इस मामले में भूतही थाना कांड संख्या-126/26 के तहत आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है. इस सफल कार्रवाई को सदर डीएसपी-2 सह एएसपी आशीष आनंद के निर्देशन में भूतही थानाध्यक्ष चंद्रगुप्त कुमार और उनकी टीम ने अंजाम दिया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >