डीएम के निर्देश पर 149 आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण, तीन केंद्रों में मिली गड़बड़ी

Sitamarhi Anganwadi Inspection: सीतामढ़ी जिले में 149 आंगनबाड़ी केंद्रों के औचक निरीक्षण में तीन केंद्रों पर गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं. रीगा में बच्चों को कम नाश्ता देने, बथनाहा में केंद्र बंद मिलने और बैरगनिया में अभिलेख व राशन वितरण में गड़बड़ी पाए जाने पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं.

सीतामढ़ी से राकेश कुमार राज की रिपोर्ट

Sitamarhi Anganwadi Inspection: जिलाधिकारी रिची पांडेय के निर्देश पर जिलेभर में आंगनबाड़ी केंद्रों की कार्यप्रणाली की जांच के लिए विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया. अभियान के तहत 31 जांच पदाधिकारियों ने कुल 149 आंगनबाड़ी केंद्रों का भौतिक सत्यापन किया. जांच रिपोर्ट में अधिकांश केंद्रों का संचालन संतोषजनक पाया गया, जबकि तीन केंद्रों में गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं.

अधिकांश केंद्रों का संचालन मिला संतोषजनक

निरीक्षण के दौरान बच्चों की उपस्थिति, पोषाहार वितरण, केंद्र संचालन और समय पर उपस्थिति की स्थिति का मूल्यांकन किया गया. रिपोर्ट के अनुसार अधिकांश आंगनबाड़ी केंद्रों पर व्यवस्थाएं सामान्य और संतोषजनक पाई गईं. बच्चों को निर्धारित सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही थीं.

रीगा में बच्चों को कम मात्रा में दिया गया नाश्ता

रीगा प्रखंड की पकड़ी दक्षिणी पंचायत स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या-120 में बच्चों को निर्धारित मात्रा से कम नाश्ता दिए जाने की शिकायत दर्ज की गई. जांच दल ने इसे गंभीर अनियमितता मानते हुए रिपोर्ट जिला प्रशासन को सौंप दी.

बथनाहा में निरीक्षण के समय बंद मिला केंद्र

बथनाहा प्रखंड की महुआवा पंचायत स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या-7 निरीक्षण के दौरान बंद पाया गया. जांच पदाधिकारियों ने केंद्र के बंद रहने को सेवा वितरण में लापरवाही माना है.

बैरगनिया में अभिलेख और राशन वितरण में गड़बड़ी

बैरगनिया प्रखंड की पचटकी राम पंचायत स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या-2 में साफ-सफाई, उपस्थिति पंजी और अन्य अभिलेखों का संधारण संतोषजनक नहीं पाया गया. साथ ही टेक होम राशन (THR) के वितरण और उपलब्धता में भी मानकों के अनुरूप व्यवस्था नहीं मिली.

दोषी केंद्रों पर होगी कार्रवाई

जिला प्रशासन ने प्राप्त जांच प्रतिवेदन के आधार पर जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (ICDS) को संबंधित केंद्रों के विरुद्ध त्वरित एवं आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया है. अधिकारियों को भविष्य में ऐसी अनियमितताओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Purushottam Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >