Sitamarhi News: सावन की तीसरी सोमवारी पर बारिश और बूंदाबांदी के बीच भी श्रद्धालुओं की आस्था कम नहीं हुई. सुबह से ही हलेश्वरनाथ महादेव समेत जिले के प्रमुख शिवालयों में जलाभिषेक के लिए लंबी कतारें लगने लगीं. मंदिर परिसर "हर-हर महादेव" और "बोल बम" के जयघोष से गूंजते रहे. महिला, पुरुष और युवा श्रद्धालु पूजा सामग्री लेकर शिवालयों में पहुंचे और भगवान शिव की पूजा-अर्चना की.
हलेश्वरनाथ महादेव मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
हलेश्वरनाथ मंदिर में दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे. भक्तों ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर बेलपत्र, धतूरा, आक के फूल, पुष्प, दूध और गंगाजल अर्पित किया. कई श्रद्धालुओं ने रुद्राभिषेक भी कराया और परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्य एवं मंगल की कामना की.
सुबह से शाम तक चलता रहा पूजा-अर्चना का दौर
सावन की तीसरी सोमवारी को लेकर मंदिरों में सुबह से ही पूजा-अर्चना शुरू हो गई थी. हलेश्वरनाथ मंदिर के आसपास पूजन सामग्री और प्रसाद की दुकानें भी सजी रहीं. श्रद्धालुओं की आवाजाही देर शाम तक जारी रही और पूरे दिन भक्तिमय माहौल बना रहा.
बादलों और बूंदाबांदी के बीच सुहाना रहा मौसम
सुबह आसमान में बादल छाए रहे. जिले के उत्तरी हिस्से के कई इलाकों में बारिश और बूंदाबांदी हुई. हल्की ठंडी हवाओं के कारण मौसम सुहाना रहा. इसके बावजूद श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं आई और लोग बारिश के बीच भी जलाभिषेक के लिए कतारों में खड़े रहे.
भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा के रहे विशेष इंतजाम
प्रमुख शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की विशेष व्यवस्था की गई थी. मंदिर समितियों के स्वयंसेवक श्रद्धालुओं को कतारबद्ध कर दर्शन कराने में जुटे रहे.
हलेश्वरनाथ मंदिर में अपर पुलिस अधीक्षक आशीष आनंद, यातायात थाना प्रभारी प्रशांत कुमार, पुनौरा थाना प्रभारी रमन राज, हलेश्वर स्थान ओपी प्रभारी दीपक कुमार तथा महिला एवं पुरुष पुलिस बल सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रहे.
शिवभक्ति में डूबा रहा पूरा जिला
तीसरी सोमवारी पर सीतामढ़ी के प्रमुख शिवालयों में दिनभर पूजा-अर्चना और जलाभिषेक का दौर चलता रहा. बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह बना रहा. मंदिरों में धार्मिक जयघोष और पूजा-पाठ से पूरा वातावरण शिवमय नजर आया.
यह भी पढ़ें: शिक्षक बनने का सुनहरा मौका, STET 2026 आवेदन शुरू, जानें योग्यता और फीस
