Sitamarhi Parihar PHC: अनुमंडल पदाधिकारी आनंद कुमार ने शुक्रवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) परिहार का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने अस्पताल के विभिन्न विभागों का जायजा लिया और मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की.
निरीक्षण के दौरान कई अनियमितताएं सामने आने पर संबंधित पदाधिकारियों और कर्मियों से कारण पूछते हुए स्पष्टीकरण मांगा गया.
साफ-सफाई की स्थिति पर जताई नाराजगी
निरीक्षण के दौरान पीएचसी परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिली. कई स्थानों पर गंदगी देख एसडीओ ने नाराजगी जताई.
उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को नियमित सफाई सुनिश्चित करने तथा परिसर में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के कड़े निर्देश दिए.
बाढ़ से पहले एंटी-स्नेक वेनम का पर्याप्त स्टॉक रखने का निर्देश
संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए एसडीओ ने अस्पताल में एंटी-स्नेक वेनम (ASV) की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
उन्होंने कहा कि बाढ़ के दौरान सर्पदंश की घटनाएं बढ़ सकती हैं. ऐसे में मरीजों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराने के लिए एएसवी सहित सभी आवश्यक दवाओं का पर्याप्त भंडारण पहले से किया जाए.
दवाओं और आपातकालीन सेवाओं की भी हुई समीक्षा
निरीक्षण के दौरान अस्पताल में आवश्यक दवाओं, चिकित्सा उपकरणों और आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता की भी समीक्षा की गई.
एसडीओ ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत इलाज सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने कहा कि संभावित बाढ़ को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग को पूरी तरह अलर्ट मोड में रहकर तैयारियां पूरी करनी होंगी.
