Sitamarhi News: स्थानीय श्री गुरुशरण सिंह उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का शुभारंभ सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल स्कूल के रूप में किया गया. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को वर्चुअल माध्यम से विद्यालय का उद्घाटन किया.
विद्यालय परिसर में आयोजित समारोह का उद्घाटन सांसद लवली आनंद ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया. कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों की मौजूदगी रही.
संस्थापक को दी गई श्रद्धांजलि
समारोह की शुरुआत अतिथियों के स्वागत के साथ हुई. इसके बाद सांसद लवली आनंद समेत अन्य अतिथियों ने विद्यालय के संस्थापक श्री गुरुशरण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की.
कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत के साथ हुआ. एनसीसी कैडेट्स ने शिक्षक मोहन कुमार सिंह के नेतृत्व में कार्यक्रम का संचालन किया.
मेधा के आधार पर 40 विद्यार्थियों का नामांकन
विद्यालय में नवम वर्ग के लिए मेधा के आधार पर 40 छात्र-छात्राओं का नामांकन किया गया.
इनमें मनु धनकार, प्रीति कुमारी और लक्ष्य राज सहित अन्य चयनित विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया.
जनप्रतिनिधि और शिक्षक रहे मौजूद
समारोह में सांसद प्रतिनिधि नंदलाल सिंह, जदयू प्रखंड अध्यक्ष जयमंगल कुशवाहा, भाजपा नेता प्रवीण कुमार, सांसद प्रतिनिधि मनोज कुमार सिंह, लोजपा नेता मुकेश कुमार सिंह, प्रधानाध्यापक भोलेशंकर प्रसाद सहित विद्यालय के शिक्षक, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे.
वक्ताओं ने कहा कि मॉडल स्कूल की स्थापना से क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध होगा.
