Sitamarhi News Update: सीतामढ़ी जिले के बेलसंड नगर पंचायत में सफाईकर्मियों के अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाने से शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई है. अपनी तीन सूत्री मांगों को लेकर सफाईकर्मियों ने कामकाज पूरी तरह बंद कर दिया है. गुरुवार सुबह से ही शहर के मुख्य बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर झाड़ू नहीं लगी, वहीं घर-घर से कचरा उठाने वाली गाड़ियां भी खड़ी रहीं. इसके चलते पूरे बेलसंड शहर की स्थिति नारकीय बनती जा रही है.
सड़कों पर कचरे के ढेर, बारिश ने बढ़ाई परेशानी
सफाई व्यवस्था बंद होने से बेलसंड के मुख्य चौराहों, गली-मोहल्लों और व्यावसायिक क्षेत्रों में कचरे के बड़े-बड़े ढेर लग गए हैं. ऊपर से लगातार हो रही बारिश के कारण सड़कों पर बिखरा कचरा सड़ने लगा है, जिससे उठती दुर्गंध ने स्थानीय निवासियों और राहगीरों का जीना मुहाल कर दिया है. बारिश के पानी के साथ बहता कचरा पूरे इलाके में गंदगी फैला रहा है.
आक्रोशित लोगों ने जताई महामारी की आशंका
शहर के बदतर हालात पर चिंता जताते हुए स्थानीय निवासी सौकत अली, मो अलीसेन, मो नेहाल, शांतनु चौधरी, नागेंद्र झा, गुंजन झा, प्रहलाद साह, जितेंद्र गुप्ता, धीरज जालान, अरुण गुप्ता, बबलू ठाकुर, शंकर साह और सर्वेश कुमार समेत सैकड़ों लोगों ने रोष जताया है. नगरवासियों का कहना है कि यदि हड़ताल लंबी खिंची, तो शहर में असहनीय बदबू के साथ-साथ गंभीर बीमारियां और महामारी फैलने का बड़ा खतरा पैदा हो जाएगा.
प्रशासन और हड़तालियों के बीच नहीं बनी बात
सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा जाने के बावजूद अब तक प्रशासन और हड़ताली सफाईकर्मियों के बीच वार्ता का कोई ठोस नतीजा सामने नहीं आया है. आम जनता ने नगर प्रशासन और सरकार से मांग की है कि सफाईकर्मियों की वाजिब मांगों पर जल्द ध्यान देकर हड़ताल समाप्त कराई जाए, ताकि बेलसंड शहर को इस नारकीय स्थिति से मुक्ति मिल सके.
