Sitamarhi Road News: सीतामढ़ी. शहर की जर्जर रिंग बांध रोड के निर्माण पर एक बार फिर ब्रेक लग गया है. अंबेडकर चौक से लखनदेई पुल तक प्रस्तावित सड़क का निर्माण पिछले एक महीने से ठप है. सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. आनंद किशोर ने डीएम तनय सुल्तानिया को पत्र लिखकर मामले में हस्तक्षेप और सड़क निर्माण जल्द पूरा कराने की मांग की है.
दो दशक बाद शुरू हुआ था सड़क निर्माण
डॉ. आनंद किशोर के अनुसार, रिंग बांध रोड की बदहाली से लोग करीब दो दशक से परेशान हैं. चार-पांच माह पहले सड़क निर्माण शुरू होने के बाद स्थानीय लोगों में उम्मीद जगी थी.
निर्माण कार्य के लिए सरकारी निर्देश पर हजारों परिवारों ने अपने घर और दुकानों के सामने से अतिक्रमण भी हटा लिया था. लेकिन करीब एक किलोमीटर सड़क का निर्माण होने के बाद काम बंद हो गया.
पेड़ और बिजली पोल बने निर्माण में बाधा
सामाजिक कार्यकर्ता का आरोप है कि वन विभाग पांच से सात पेड़ों को हटाने की प्रक्रिया चार माह में भी पूरी नहीं कर सका. वहीं बिजली विभाग करीब एक दर्जन बिजली पोल को शिफ्ट नहीं कर पाया है.
इन दोनों विभागों की वजह से सड़क निर्माण एजेंसी का काम प्रभावित होने का आरोप लगाया गया है.
पूर्व डीएम के आदेश के बाद भी नहीं बदली स्थिति
डॉ. आनंद किशोर ने बताया कि पूर्व डीएम द्वारा सड़क स्थल का निरीक्षण कर संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए थे. इसके बावजूद निर्माण कार्य दोबारा शुरू नहीं हो सका.
उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण रुकने से स्थानीय लोगों की परेशानी फिर बढ़ गयी है.
नए डीएम से स्थल निरीक्षण की मांग
सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. आनंद किशोर ने नए डीएम तनय सुल्तानिया से स्वयं सड़क स्थल का निरीक्षण करने की मांग की है.
उन्होंने वन विभाग, बिजली विभाग और निर्माण एजेंसी को स्पष्ट निर्देश देकर पेड़ और बिजली पोल से संबंधित बाधाओं को दूर कराने तथा सड़क निर्माण जल्द पूरा कराने का आग्रह किया है.
यह भी पढ़ें: आजादी के दशकों बाद भी खाट ही बनी एंबुलेंस, दोन की इस तस्वीर ने खोल दी विकास की जमीनी हकीकत
