Sitamarhi News: पुनौरा थाना क्षेत्र के तलखापुर गांव में 20 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस के अनुसार, युवती की मौत के बाद परिजनों ने बिना सूचना दिए उसका अंतिम संस्कार कर दिया. मामले में आत्महत्या के लिए उकसाने और साक्ष्य मिटाने के आरोप में माता-पिता के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है.
प्रेम संबंध को लेकर चल रहा था विवाद
मृतका की पहचान जय प्रकाश सिंह की 20 वर्षीय पुत्री रानी कुमारी के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, युवती का एक युवक से प्रेम संबंध था, जिसका परिवार विरोध कर रहा था. प्रारंभिक जांच में पारिवारिक तनाव को घटना का संभावित कारण माना जा रहा है. हालांकि, मौत के कारणों की जांच जारी है.
पुलिस को सूचना दिए बिना किया अंतिम संस्कार
पुलिस का कहना है कि युवती की मौत के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया, जिससे साक्ष्यों पर प्रभाव पड़ा.
पुनौरा थानाध्यक्ष रमन राज ने बताया कि एएसआई संजय कुमार सिंह के बयान पर युवती की मां चंद्रकला देवी और पिता के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में आत्महत्या के लिए उकसाने तथा साक्ष्य मिटाने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है.
मां गिरफ्तार, पिता की तलाश जारी
पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए मृतका की मां चंद्रकला देवी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि पिता की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.
थानाध्यक्ष ने कहा कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.
