सुरसंड(सीतामढ़ी). अज्ञात चोरों ने बुधवार की रात थाना क्षेत्र के कबरा गांव में बंद घर से सोना चांदी के जेवरात व नकद समेत करीब 28 लाख की संपत्ति चोरी कर ली. चोरी की घटना कबरा वार्ड संख्या एक निवासी जितेंद्र शर्मा के घर में हुई. घटना की रात गृहस्वामी सपत्नी अपने संबंधी के यहां मुजफ्फरपुर एक श्राद्ध कर्म में भाग लेने गये थे. सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष धनंजय कुमार पांडेय व सअनि श्यामनंदन कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की तहकीकात की. थानाध्यक्ष ने चोरी की घटना के उद्भेदन के लिए सोनबरसा से एसएसबी के श्वान दस्ता की टीम को बुलवाया. श्वान दस्ता की टीम में शामिल एसएसबी के शमशेर सिंह, सचिन कुमार व रविंद्र जाड़े ने केंडी नामक श्वान के साथ घटनास्थल के आसपास चहलकदमी की. पर, कोई सुराग नहीं मिल सका. घटना की सूचना पर मुजफ्फरपुर से पहुंचे गृहस्वामी ने बताया कि चोरों ने मुख्य द्वार पर लगे ग्रिल का ताला तोड़कर मकान के अंदर प्रवेश किया. वहीं बारी-बारी से तीनों कमरा का ताला तोड़कर पत्नी व दो पुत्रवधु के अलग अलग गोदरेज से रखा सोना चांदी के करीब 25 लाख मूल्य के जेवरात, कीमती कपड़ा व तीन लाख नकद चुराकर ले गया है. साथ ही दिवान पलंग, लकड़ी के अलमीरा व बक्सा को तोड़कर सारा सामान तीतर बितर कर दिया. गृहस्वामी के दोनों पुत्र सपत्नी बेंगलुरु में रहते हैं. बड़ा पुत्र सर्वजीत कुमार महिंद्रा कोटक बैंक में शाखा प्रबंधक के पद पर जबकि छोटा पुत्र विश्वजीत कुमार एचडीएफसी बैंक में शाखा प्रबंधक के पद पर कार्यरत हैं. ग्रामीणों ने बताया कि घटना की रात कबरा चौक पर दो राउंड गोली चलने की आवाज सुनी गयी. पर, किसने किन कारणों से फायरिंग की इसकी जानकारी नहीं मिल सकी है. फिलवक्त इस घटना से ग्रामीण दहशतजदा हैं.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
