Sitamarhi News: सीतामढ़ी के पुलिस अधीक्षक अमित रंजन ने मंगलवार को परिहार थाना का निरीक्षण किया. इस दौरान थाना परिसर की व्यवस्था, लंबित कांडों की समीक्षा और विधि-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न पहलुओं की गहन जांच की गई.
निरीक्षण के दौरान एसपी ने पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को कानून-व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए.
थाना की व्यवस्थाओं का लिया जायजा
एसपी ने थाना परिसर, मालखाना, हाजत, आगंतुक पंजी, महिला हेल्प डेस्क, सीसीटीवी व्यवस्था और अभिलेखों के संधारण का निरीक्षण किया.
साथ ही लंबित मामलों की समीक्षा कर उनके समयबद्ध निष्पादन पर जोर दिया.
लंबित मामलों और वारंट के निष्पादन में तेजी लाने का निर्देश
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों को सीसीटीएनएस का कार्य समय पर अपडेट करने, ई-साक्ष्य और ई-समन प्रणाली का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए.
इसके अलावा 60 और 90 दिनों की निर्धारित समय-सीमा के भीतर आरोप पत्र दाखिल करने, लंबित कांडों के शीघ्र निष्पादन, वारंट और कुर्की की कार्रवाई में तेजी लाने को कहा गया.
शराब और मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान होगा तेज
एसपी ने प्रभावी रात्रि गश्ती और वाहन जांच को और मजबूत करने के निर्देश दिए.
उन्होंने अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और तस्करी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री और तस्करी रोकने के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्देश भी दिया.
आम लोगों के साथ बेहतर व्यवहार पर दिया जोर
एसपी अमित रंजन ने फरार अभियुक्तों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने और अपराधियों पर लगातार निगरानी रखने को कहा.
इसके साथ ही उन्होंने पुलिसकर्मियों को आम लोगों के साथ संवेदनशील, सम्मानजनक और जनहितकारी व्यवहार बनाए रखने तथा शिकायतों का त्वरित, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.
