रीगा में गांजा तस्कर को पकड़ने गई पुलिस पर हमला, धक्का-मुक्की में अपर थानाध्यक्ष घायल

सीतामढ़ी के रीगा थाना क्षेत्र में गांजा तस्करों ने पुलिस पर हमला कर दिया. इस दौरान अपर थानाध्यक्ष को चोटें आई हैं. पुलिस ने मामले में FIR दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.

Sitamarhi News: रीगा थाना क्षेत्र के दोहरा गांव में गांजा तस्कर की तलाश में पहुंची पुलिस टीम के साथ धक्का-मुक्की का मामला सामने आया है. पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान आरोपी के परिजनों ने पुलिस का रास्ता रोकने की कोशिश की, जिसमें अपर थानाध्यक्ष रिया कुमारी आंशिक रूप से घायल हो गईं. इस दौरान मुख्य आरोपी मौके से फरार हो गया.

मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.

गुप्त सूचना पर पहुंची थी पुलिस

पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना मिली थी कि दोहरा बाजार में बड़े पैमाने पर गांजा की खरीद-बिक्री हो रही है. सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस ने एक झोपड़ी में छापेमारी की, जहां से करीब 400 ग्राम गांजा बरामद किया गया.

हालांकि, कार्रवाई के दौरान एक आरोपी पुलिस को चकमा देकर भाग निकला. पुलिस ने उसकी पहचान दोहरा गांव निवासी उत्तम कुमार के रूप में की है, जो पुलिस के अनुसार वर्तमान सरपंच भोला सिंह का पुत्र है.

पुलिस का दावा, परिजनों ने रोका रास्ता

पुलिस का कहना है कि बाद में सूचना मिली कि सरपंच के घर से भी गांजा तस्करी का संचालन किया जा रहा है. इसके बाद पुलिस टीम वहां पहुंची.

पुलिस के अनुसार, घर पहुंचने पर भोला सिंह, प्रियांशु कुमार, अंजनी सिंह, अनिस कुमार, छोलू सिंह, रोहित सहनी तथा दो महिलाओं ने पुलिस का रास्ता रोककर धक्का-मुक्की की. इसी दौरान मुख्य आरोपी कथित रूप से घर में रखा गांजा और अवैध हथियार लेकर फरार हो गया.

500 ग्राम गांजा और धारदार हथियार बरामद

पुलिस ने दावा किया कि सरपंच के घर की तलाशी के दौरान 500 ग्राम गांजा और एक धारदार हथियार बरामद किया गया.

रीगा थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार ने बताया कि सरकारी कार्य में बाधा डालने समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर सभी नामजद आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.

सदर एसडीपीओ ने क्या कहा

सदर एसडीपीओ राजीव कुमार सिंह ने बताया कि बाजार में गांजा बरामद होने के बाद पुलिस आरोपी का पीछा करते हुए उसके घर पहुंची थी.

उन्होंने कहा कि पुलिस को रोकने की कोशिश के दौरान मुख्य आरोपी को कथित रूप से गांजा और हथियार लेकर भागने का मौका मिला. एसडीपीओ के अनुसार, पुलिस टीम के साथ बदसलूकी और सरकारी कार्य में बाधा डालने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

फरार आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस का कहना है कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और फरार मुख्य आरोपी सहित अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

अमिताभ पिछले 17 वर्षों से प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक दोनों माध्यमों में सक्रिय रहे हैं. एक खोजी पत्रकार के रूप में उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई है. भ्रष्टाचार, अपराध एवं जनहित से जुड़े मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ है. वे हमेशा सामाजिक सरोकारों और आम लोगों की समस्याओं को निष्पक्ष, निर्भीक और जनपक्षधर तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >