Sitamarhi News: सीतामढ़ी जिले के बोखड़ा थाना क्षेत्र के चकौती पंचायत स्थित पकटोला गांव में इन दिनों लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीण काफी परेशान थे. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस चोरी के सक्रिय गिरोह का खुलासा करने का दावा किया है. मामले में पुलिस ने एक पूर्व वार्ड सदस्य समेत कुल चार आरोपितों को दबोच लिया है. गिरफ्तार किए गए आरोपियों के घरों की ली गई तलाशी के दौरान चोरी के कई सामान बरामद किए गए हैं. पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
Crime News: बच्चे से पूछताछ के बाद खुला राज
बोखड़ा थानाध्यक्ष ललन कुमार ने बताया कि एक सितंबर को पकटोला गांव के सतर्क ग्रामीणों ने एक लगभग 10 वर्षीय बच्चे को संदिग्ध हालत में पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया था. जब पुलिस ने हिरासत में लेकर उससे कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने अपना नाम मो अलीशान बताया. पूछताछ के दौरान उस बच्चे ने इलाके में हुई कई चोरी की घटनाओं में खुद के शामिल होने की बात स्वीकार की. बच्चे की निशानदेही और खुलासे के आधार पर पुलिस ने त्वरित कदम उठाते हुए पकटोला गांव के वार्ड संख्या आठ निवासी मो लुकमान, मो असगर, पूर्व वार्ड सदस्य मो मुबारक और मो अलीशान को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ की.
घरों से बरामद हुए चोरी के सामान
पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने उनके घरों में औचक छापेमारी की. इस छापेमारी के दौरान आरोपी मो असगर के घर से खेतों में मोटर चलाने वाला एक होंडा मोटर बरामद किया गया. वहीं, पूर्व वार्ड सदस्य मो मुबारक के घर से चोरी किए गए लोहे के पाइप, चापाकल के हेड, बोरी और अन्य सामान के टुकड़े बरामद किए गए. स्थानीय लोगों ने इन सभी सामानों की पहचान चोरी गए माल के रूप में की है. थानाध्यक्ष ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया है कि वे चोरी के सामान को आपसी मिलीभगत से अलग-अलग जगहों पर बेचते थे.
