रून्नीसैदपुर. सीतामढ़ी-मुजफ्फरपुर एनएच- 22 मुख्य पथ पर महिंदवारा थाना क्षेत्र के कोरलहिया गांव के समीप एक ऑटो एवं बोलेरो गाड़ी के बीच हुई आमने-सामने की टक्कर में एक व्यक्ति की मौत दुर्घटनास्थल पर ही हो गयी, जबकि करीब आधा दर्जन लोग जख्मी हो गये. गंभीर रूप से तीन जख्मी को स्थानीय लोगों के सहयोग से पुलिस ने एसकेएमसीएच, मुजफ्फरपुर भेजा है. दुर्घटना शनिवार की देर शाम की है. समाचार प्रेषण तक मृतक व जख्मी तीनो की पहचान नहीं हो सकी है. मिली जानकारी के मुताबिक, ऑटो (बीआर 06 पी एफ 6415) सीतामढ़ी की ओर से मुजफ्फरपुर की ओर जा रही थी. जबकि बोलेरो (बीआर 86 पी ए 1051) मुजफ्फरपुर की ओर से सीतामढ़ी की ओर जा रही थी. कोरलहिया गांव के समीप दोनों की आमने-सामने की टक्कर हो गयी. इसके जद में एक दूसरा ऑटो और बाइक भी आ गया. दुर्घटनाग्रस्त बाइक चालक डुमरा थाना क्षेत्र के आजमगढ़ गांव के वार्ड नंबर एक निवासी रामजी साह के अनुसार, वे मुजफ्फरपुर से आ रहे थे. ओवरटेक करने के चक्कर में यह दुर्घटना घटी है. ओवरटेक करने के चक्कर में बोलेरो चालक ने विपरीत दिशा से आ रही ऑटो में टक्कर मार दिया. टक्कर मारने के बाद बोलेरो चालक बांयी ओर बोलेरो को मोड़ दिया, जिसके कारण दूसरी ऑटो भी दुर्घटनाग्रस्त हो गया. वहीं इसी क्रम में उनके बाइक में भी ठोकर लगा और वे गिर कर बेहोश हो गये.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
