Sitamarhi Crime News: सीतामढ़ी जिले के रुन्नीसैदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत खड़का पंचायत के वार्ड संख्या-4 में मंगलवार की सुबह एक विवाहिता का शव संदिग्ध अवस्था में बरामद हुआ. मृतका की पहचान खड़का निवासी सगीर आलम (टुन्नू रायन) की 20 वर्षीया पत्नी शबनम खातून के रूप में की गई है. सुबह जब ग्रामीणों ने शव को कमरे में बिछावन पर पड़ा देखा तो इलाके में सनसनी फैल गई. घटना के बाद से मृतका का पति और ससुराल के अन्य सदस्य घर छोड़कर फरार हैं. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सीतामढ़ी भेज दिया है. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एफएसएल (FSL) की टीम ने भी घटनास्थल का मुआयना कर वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए हैं.
कुछ महीने पहले ही हुआ था प्रेम विवाह
स्थानीय लोगों के अनुसार, शबनम खातून और सगीर आलम का विवाह महज कुछ महीने पहले ही हुआ था. यह प्रेम विवाह था, जिसके बाद से दोनों साथ रह रहे थे. अचानक इस तरह संदिग्ध परिस्थितियों में नवविवाहिता का शव मिलने और परिजनों के गायब होने से कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं.
यह भी पढ़ें... पूजा के दौरान पीपल की डाल गिरने से बड़ा हादसा, दो बच्चों की मौत, आठ घायल
जांच में जुटी पुलिस, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला संदेहास्पद प्रतीत हो रहा है. हत्या या आत्महत्या, हर पहलू को ध्यान में रखकर छानबीन की जा रही है. मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा.
