Nepali liquor seizure: सीतामढ़ी जिले के सोनबरसा थाना पुलिस ने बुधवार की शाम थाना गेट के सामने मुख्य सड़क पर वाहन जांच के दौरान एक चारपहिया वाहन से भारी मात्रा में नेपाली शराब और बीयर बरामद किया है. पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से शराब तस्करों में हड़कंप मच गया है.
Sitamarhi News: कार से 78 केन बीयर और 118 बोतल देशी शराब बरामद
प्रभारी थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नेपाल से एक चारपहिया वाहन में अवैध शराब की खेप लाई जा रही है. सूचना के आधार पर सब इंस्पेक्टर धीरज कुमार ने सशस्त्र बलों के साथ वाहन जांच शुरू की. इस दौरान नेपाल की ओर से आ रही मारुति ब्रेजा कार बीपी 23 जेड 4840 को रोककर तलाशी ली गई. तलाशी के दौरान वाहन से 78 बोतल केन बीयर (प्रत्येक 500 एमएल) तथा 118 बोतल नेपाली देशी शौफी शराब (प्रत्येक 300 एमएल) बरामद की गई.
शिवहर का तस्कर गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया
गिरफ्तार तस्कर की पहचान शिवहर जिले के शिवहर थाना क्षेत्र अंतर्गत ताजपुर गांव निवासी स्वर्गीय अजय महतो के पुत्र राजा कुमार के रूप में हुई है. पुलिस ने शराब और बीयर के साथ-साथ मारुति ब्रेजा कार को भी जब्त कर लिया है. आरोपी तस्कर के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है.
Nepali liquor seizure: उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई जारी
पुलिस प्रशासन द्वारा लगातार चलाए जा रहे वाहन जांच अभियान से अपराधियों में डर का माहौल बना हुआ है. गिरफ्तार तस्कर को न्यायिक हिरासत में भेजने की कानूनी प्रक्रिया तेजी से पूरी की जा रही है. स्थानीय पुलिस का कहना है कि अवैध शराब तस्करी के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा ताकि क्षेत्र में इस तरह की अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह से रोक लगाई जा सके.
