Sitamarhi News: परसौनी. परसौनी-बेलसंड मुख्य मार्ग पर रविवार सुबह पुलिस ने शराब तस्करी के मामले का खुलासा करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया. कार्रवाई के दौरान एक आरोपी मौके से भाग निकला. पुलिस ने सफेद शेवरले कार की डिक्की से दो बोरों में रखी 300 एमएल की 236 बोतल नेपाली शराब बरामद की, जिसकी कुल मात्रा 70.8 लीटर है. पुलिस ने शराब के साथ कार को भी जब्त कर लिया है.
सूचना मिलते ही पुलिस ने शुरू की वाहन जांच
थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि सुबह करीब 8:45 बजे सूचना मिली थी कि सफेद शेवरले कार संख्या डीएल 10सीबी 4621 से नेपाली शराब बेलसंड की ओर ले जायी जा रही है. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बेनीपुर में रामसागर राय के घर के पास करीब 9:10 बजे वाहन जांच शुरू की.
रोकने का इशारा किया तो चालक ने बढ़ायी रफ्तार
पुलिस के अनुसार, परसौनी की ओर से आ रही उक्त कार को जांच के लिए रोकने का इशारा किया गया. पुलिस को देखते ही चालक ने कार की रफ्तार बढ़ा दी. इसके बाद पुलिस टीम ने कार का पीछा किया. कुछ दूर जाने के बाद कार रुकते ही उसमें सवार तीन लोग भागने लगे.
पीछा कर दो तस्करों को पुलिस ने पकड़ा
कार से उतरकर भाग रहे तीन लोगों में से पुलिस ने पीछा कर दो को पकड़ लिया, जबकि तीसरा आरोपी मौके से फरार हो गया. गिरफ्तार तस्करों की पहचान देमा गांव के वार्ड नंबर छह निवासी स्व. धरखन राय के पुत्र राजकुमार यादव और पुनौरा थाना क्षेत्र के पड़री गांव निवासी शिवचंद्र साह के पुत्र अमित कुमार के रूप में हुई है.
डिक्की से मिली 236 बोतल नेपाली शराब
कार की तलाशी लेने पर डिक्की में रखे दो बोरों से 300 एमएल की 236 बोतल देसी नेपाली शराब बरामद हुई. बरामद शराब की कुल मात्रा 70.8 लीटर बतायी गयी है. पुलिस ने शराब और तस्करी में इस्तेमाल कार को जब्त कर लिया है.
फरार तस्कर की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी
फरार आरोपी की पहचान डुमरा थाना क्षेत्र के बेरबास गांव निवासी सुखाड़ी साह के पुत्र मनीष कुमार के रूप में हुई है. पुलिस ने शराब तस्करी के मामले में तीनों के खिलाफ बिहार मद्य निषेध व उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है. फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार छापेमारी कर रही है.
यह भी पढ़ें: नदी में उपलाती मिली अधेड़ की लाश, पूरे इलाके में सनसनी, जांच में जुटी पुलिस
