Sitamarhi News: बिहार पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर चलाए जा रहे 'नया सवेरा अभियान-3.0' के तहत रविवार को पुनौरा थाना क्षेत्र में मानव तस्करी, बाल श्रम और बंधुआ मजदूरी के खिलाफ विशेष जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. यह कार्यक्रम सीतामढ़ी पुलिस और अदिथी कवच परियोजना के संयुक्त तत्वावधान में हुआ.
अभियान के दौरान दुकानदारों और प्रतिष्ठान संचालकों को कानून और सामाजिक जिम्मेदारियों की जानकारी दी गई.
मानव तस्करी और बाल श्रम पर दी गई जानकारी
कार्यक्रम की अगुवाई पुलिस निरीक्षक सह शाखा प्रभारी, मानव तस्करी निरोध इकाई, सुशील कुमार सिंह ने की.
उन्होंने प्रतिष्ठान संचालकों को मानव तस्करी, बाल श्रम और बंधुआ मजदूरी से जुड़े कानूनी प्रावधानों, इनके दुष्परिणामों और ऐसे मामलों में पुलिस की भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी.
संदिग्ध गतिविधि की सूचना देने की अपील
पुलिस अधिकारियों ने सभी दुकानदारों से अपील की कि यदि कहीं भी मानव तस्करी या बाल श्रम से जुड़ी कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें.
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिष्ठान संचालकों ने अपने यहां बाल श्रम नहीं कराने और मानव तस्करी की सूचना प्रशासन को देने का संकल्प लिया.
लोगों ने जताई प्रतिबद्धता
संजय वर्मा और रितेश भारती ने अपने प्रतिष्ठानों को पूरी तरह बाल श्रम मुक्त रखने की प्रतिबद्धता जताई.
मनीष कुमार ने कहा कि ऐसे अपराधों पर प्रभावी रोक जनभागीदारी से ही संभव है, जबकि मुकुंद कुमार चौधरी ने इसे बच्चों के अधिकारों की सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया.
कई अधिकारी और कर्मी रहे मौजूद
कार्यक्रम में पुअनि रंजीत कुमार, गृहरक्षक गौतम बैठा, चंदन कुमार, आनंद कुमार, चंदन चंद्रवंशी, अमन झा, राजन कुमार, मो. मजीद शाह सहित पुलिसकर्मी और अन्य लोग मौजूद रहे.
पुलिस ने कहा कि 'नया सवेरा अभियान-3.0' के तहत आगे भी जागरूकता कार्यक्रम चलाकर मानव तस्करी और बाल श्रम के खिलाफ लोगों को जागरूक किया जाएगा.
