रून्नीसैदपुर. महिंदवारा थाना क्षेत्र की ओलीपुर सरहंचिया पंचायत के मोरंग गांव में गले में फंदा डालकर व गला दबाकर एक विवाहिता की हत्या करने का मामला सामने आया है. मृतका की पहचान मोरंग गांव निवासी संजय महतो की पत्नी शोभा कुमारी (27 वर्ष) के रूप में की गयी है. इस बावत मृतका के पिता बथनाहा थाना क्षेत्र के झिटकाहीं गांव निवासी बिंदेश्वर महतो के बयान पर थाना में एक प्राथमिकी दर्ज की गयी है. दर्ज प्राथमिकी में शोभा कुमारी की हत्या उसके पति व ससुराल वाले एक अन्य के द्वारा गला दबाकर कर दिये जाने की बात कही गयी है. मृतका के पिता का आरोप है कि हत्या के बाद गले में फांसी का फंदा डालकर उसे आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया गया है. हत्या का कारण दहेज बताया है. थानाध्यक्ष रणवीर कुमार झा के अनुसार मृतका के शव को घर में फांसी के फंदे पर लटकते पाया गया है. पुलिस ने मृतका के सबको अपने कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम करा कर अंतिम संस्कार के लिए उसके परिजनों को सौंप दिया है. इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुये पुलिस ने मृतका के आरोपित पति संजय महतो को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
