पुपरी. सीतामढ़ी-दरभंगा रेलखंड पर खेसर रेलवे गुमटी से पश्चिम सोमवार की सुबह दो युवकों के रेल पटरी पर मिले शव की पहचान पुपरी थाना क्षेत्र के गंगटी गांव निवासी आलम नदाफ के करीब 28 वर्षीय पुत्र चांद नदाफ व अमजद नदाफ के करीब 18 वर्षीय पुत्र इमरान नदाफ के रूप में की गयी है. मृतक रिश्ते में चाचा-भतीजा था. घटना की जानकारी मिलने के बाद से परिवार में मातम पसरा है. जाले थाना की पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए दरभंगा भेज दिया. दरभंगा सदर डीएसपी-2 ज्योति कुमारी गंगटी गांव पहुंच कर मृतक के परिजनों से पूछताछ की. जानकारी के मुताबिक, मृतक चांद का ससुराल बाजपट्टी के मदारीपुर गांव में है. वह अपने भतीजे इब्ररान के साथ रविवार की रात करीब 8.30 बजे ससुराल आ रहा था. लेकिन रास्ते में घटना घट गयी. सुबह दोनों का शव चंदौना हॉल्ट से पूरब मनमा गांव जाने वाली सड़क के समीप रेलवे लाइन पर मिला. दोनों का शव नग्न हालत में पाये गये.
चार दिन पहले बैंगलोर से घर लौटा था मृतक चांद नदाफ
मृतक चांद बैंगलोर में पत्नी व तीन बच्चों के साथ रहता था. चार दिन पहले ही वह घर आया था. उसका भतीजा इब्ररान पुपरी में चाय दुकान चलाता था. मृतक चांद के माता-पिता नहीं है. परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है. परिजन द्वारा पुलिस के समक्ष हत्या की आशंका व्यक्त की गयी है. वहीं, पुपरी थानाध्यक्ष चंद्रभूषण कुमार सिंह ने बताया कि जानकारी मिलने पर उन्होंने घटना स्थल जाकर जाले पुलिस से बात की और अपने स्तर से भी मामले की जानकारी ली.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
