Sitamarhi MGNREGA Office Dispute: सीतामढ़ी जिले के बथनाहा प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित मनरेगा कार्यालय में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है . यहां कार्यक्रम पदाधिकारी (पीओ) के साथ कथित रूप से भद्दी-भद्दी गाली-गलौज, दुर्व्यवहार करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में बथनाहा थाना में एक प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराई गई है . यह कार्रवाई मनरेगा के कार्यक्रम पदाधिकारी राहुल कुमार के लिखित आवेदन पर की गई है . इस मामले में स्थानीय बैरहा बराही जीवा पंचायत के मुखिया रमेश साह के पुत्र रंजन कुमार उर्फ गोलू को नामजद आरोपी बनाया गया है .
डाटा एंट्री ऑपरेटर के कक्ष में बात पूछने पर शुरू हुआ विवाद
थाने में दिए गए आवेदन में कार्यक्रम पदाधिकारी राहुल कुमार ने पूरी घटना का ब्योरा दिया है . उन्होंने बताया कि बीते आठ जुलाई की दोपहर करीब 3:30 बजे वे अपने सरकारी कक्ष से निकलकर डाटा एंट्री ऑपरेटर के पास गए थे . वे वहां एमआईएस (MIS) से संबंधित डाटा एंट्री के कार्यों की जानकारी लेने पहुंचे थे . इसी दौरान उन्होंने देखा कि ऑपरेटर के पास कुछ लोग बिना किसी विभागीय कार्य के बैठे हुए थे . पीओ द्वारा जब उन लोगों से वहां से हटने और कार्य में बाधा न डालने का आग्रह किया गया, तो बात बिगड़ गई .
सीसीटीवी (CCTV) में कैद हुई घटना, जांच में जुटी बथनाहा पुलिस
पीओ का आरोप है कि हटाने की बात पर मुखिया पुत्र रंजन कुमार उर्फ गोलू अचानक उग्र हो गए और उनके साथ दुर्व्यवहार करते हुए कार्यालय में दहशत फैलाने की कोशिश की . आवेदन में इस बात का भी उल्लेख है कि पूरी घटना कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिससे आरोपों की पुष्टि होती है . बथनाहा के थानाध्यक्ष रुपेश कुमार ने बताया कि पीओ के आवेदन के आधार पर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है . पुलिस सीसीटीवी फुटेज और साक्ष्यों के आधार पर मामले की सत्यता की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है
