SSB Human Trafficking: सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) 51वीं वाहिनी की सीमा चौकी भगवतीपुर की पेट्रोलिंग पार्टी ने भारत-नेपाल सीमा पर मुस्तैदी दिखाते हुए मानव तस्करी के एक प्रयास को नाकाम कर दिया है. बुधवार की सुबह सीमा स्तंभ संख्या 315/2 के पास गश्ती टीम ने एक युवक के साथ एक संदिग्ध नाबालिग लड़की को रोककर पूछताछ की.
गुजरात ले जाकर शादी करने की थी योजना
पूछताछ के दौरान आरोपी युवक की पहचान नेपाल के सर्लाही जिला स्थित चंद्रनगर निवासी दिनेश कुमार महतो के रूप में हुई. वहीं 16 वर्षीया नाबालिग लड़की नेपाल के महोत्तरी जिले की रहने वाली है. लड़की ने पूछताछ में खुलासा किया कि वह परिजनों को बिना बताए युवक के साथ गुजरात जाकर शादी करने जा रही थी.
नेपाल एपीएफ़ और एनजीओ को सौंपा गया
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसबी ने तुरंत इसकी सूचना अदिति संस्था (सीतामढ़ी) और आशीष सामाजिक सेवा (नेपाल) को दी.
- परिजनों के सीमा पर पहुंचने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की गई.
- पीड़िता और आरोपी युवक को 9वीं बटालियन एपीएफ रघुनाथपुर (नेपाल) के हवाले कर दिया गया.
एसएसबी की इस त्वरित कार्रवाई से एक नाबालिग लड़की का जीवन सुरक्षित हो सका.
ये भी पढ़ें: सीतामढ़ी: पुनौराधाम और बगही धाम की सुरक्षा की कमान अब बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस के हाथों में
