Girl Kidnapping: सीतामढ़ी के रून्नीसैदपुर थाना क्षेत्र के एक गांव से 14 वर्षीया नाबालिग लड़की के जबरन अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है. पीड़िता की मां के आवेदन पर स्थानीय थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच और त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है.
Sitamarhi News: 4 नामजद और अज्ञात पर प्राथमिकी
मामले में पीड़ित मां के बयान के आधार पर पुलिस ने चार नामजद आरोपियों—राहुल कुमार गुप्ता, रिशु कुमार, विवेक कुमार और राहुल कुमार चौधरी—सहित कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है. पुलिस आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है.
देर रात शौच के दौरान अपहरण
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, घटना 18 अगस्त की देर रात करीब 1 बजे की है. नाबालिग लड़की जब घर से बाहर शौच के लिए निकली, तो पहले से घात लगाकर बैठे आरोपियों ने उसे जबरन उठाकर बाइक से अगवा कर लिया. घटना की जानकारी पड़ोसियों ने परिजनों को दी.
परिजनों ने जताई अनहोनी की आशंका
घटना के बाद परिजनों ने बच्ची की काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला. पीड़िता की मां ने आशंका जताई है कि आरोपी उनकी पुत्री के साथ अनहोनी करने, हत्या कर अंग बेचने या देह व्यापार के इरादे से उसका अपहरण कर ले गए हैं.
पुलिस की जांच और छापेमारी जारी
मामला दर्ज होने के बाद रून्नीसैदपुर थाना पुलिस ने नाबालिग की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही लड़की को सकुशल बरामद कर लिया जाएगा.
