दहेज के लिए विवाहिता की गला दबाकर हत्या, घर छोड़कर ससुराल वाले फरार

रीगा के रामनगरा में दहेज के लिए विवाहिता अनुराधा की गला दबाकर हत्या कर दी गई। मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना का आरोप लगाया है, आरोपी फरार हैं।

दहेज हत्या रीगा: सीतामढ़ी जिले के रीगा थाना क्षेत्र से दहेज हत्या की एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. थाना क्षेत्र के रामनगरा अंसारी टोला वार्ड नंबर चार में मंगलवार को ससुराल पक्ष द्वारा 22 वर्षीया नवविवाहिता की गला दबाकर हत्या करने का गंभीर मामला सामने आया है. घटना की सूचना मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई. सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है.

ढाई वर्ष पूर्व हुई थी शादी

मृतका की पहचान रामनगरा निवासी आदित्य कुमार की 22 वर्षीया पत्नी अनुराधा कुमारी के रूप में की गई है. मृतका के पिता और परसौनी थाना क्षेत्र के मीनापुर बलहा निवासी सहेंद्र कुमार ने बताया कि उन्होंने ढाई वर्ष पूर्व हिंदू रीति-रिवाज से अपनी बेटी की शादी संजीव सिंह के बेटे आदित्य कुमार के साथ की थी. परिजनों का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल वाले दहेज को लेकर अनुराधा को शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगे थे. मंगलवार को मौका पाकर आरोपियों ने उसकी गला दबाकर हत्या कर दी.

घटना से जुड़े प्रमुख बिंदु

  • घटनास्थल : रीगा थाना क्षेत्र का रामनगरा अंसारी टोला, वार्ड नंबर चार.
  • मृतका का विवरण : अनुराधा कुमारी (22 वर्ष), पति- आदित्य कुमार.
  • मायके का पता : मीनापुर बलहा, थाना- परसौनी, पिता- सहेंद्र कुमार.
  • आरोप : अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी न होने पर गला घोंटकर हत्या.

ससुराल वाले घर छोड़कर फरार

वारदात को अंजाम देने के बाद से मृतका के पति समेत ससुराल पक्ष के सभी लोग घर में ताला लगाकर मौके से फरार हैं. सूचना पर पहुंची रीगा थाने की पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सीतामढ़ी सदर अस्पताल भेज दिया है. थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार त्रिपाठी ने बताया कि महिला का शव घर में संदिग्ध स्थिति में बरामद हुआ है. मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा. पुलिस मायके पक्ष की लिखित शिकायत के आधार पर आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई में जुटी है.

ये भी पढ़ें; बाल मजदूरी के खिलाफ श्रम विभाग का बड़ा छापा: तीन बच्चे कराए गए मुक्त, दो संचालकों पर केस

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By राकेश कुमार राज

राकेश पिछले 23 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. वे प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों का व्यापक अनुभव रखते हैं. राकेश क्राइम रिपोर्टिंग के अलावा सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने के लिए जाने जाते हैं. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति और दिलचस्प किस्से-कहानियों में उनकी विशेष रुचि है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >