Sitamarhi News: पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाये जा रहे विशेष छापेमारी अभियान के तहत मेजरगंज थाना पुलिस ने प्रतिबंधित कफ सिरप की तस्करी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने माधोपुर सैनिक रोड के पास कार्रवाई करते हुए दोनों को पकड़ा. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बसबिट्टा निवासी आदर्श कुमार और निपेन्द्र कुमार के रूप में हुई है.
9 लीटर प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद
पुलिस के अनुसार छापेमारी के दौरान दोनों आरोपियों के पास से कुल 9 लीटर प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद किया गया. बरामद कफ सिरप को जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया. मामले में पुलिस की ओर से अग्रिम विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है.
दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी रहा है. आदर्श कुमार के खिलाफ मेजरगंज थाने में हत्या, लूट और आर्म्स एक्ट सहित तीन मामले दर्ज हैं.
वहीं, निपेन्द्र कुमार पर हत्या, दंगा, मारपीट, चोरी और आर्म्स एक्ट से जुड़े तीन मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है.
नशे के अवैध कारोबार पर कार्रवाई जारी
पुलिस ने कहा कि जिले में प्रतिबंधित नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. विशेष छापेमारी और वाहन जांच के माध्यम से ऐसे कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है. पुलिस ने स्पष्ट किया कि नशे के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा.
