Sitamarhi Weather Update: सीतामढ़ी. शनिवार को सुबह से तेज धूप और उमस भरी गर्मी ने लोगों को परेशान किया. दिन चढ़ने के साथ उमस बढ़ती गई और लोग पसीने से तर-बतर रहे. दोपहर बाद आसमान में बादलों की आवाजाही शुरू हुई. शाम करीब पौने छह बजे शहर समेत कुछ इलाकों में थोड़ी देर के लिए बौछार पड़ी, जिसके बाद लोगों को उमस से कुछ राहत मिली.
दिनभर तेज धूप और उमस से परेशान रहे लोग
शनिवार सुबह से ही तेज धूप का असर देखने को मिला. तापमान बढ़ने के साथ उमस भी बढ़ती गई. दोपहर के समय गर्मी और चिपचिपाहट के कारण लोगों को परेशानी हुई. शाम में बादल छाने और हल्की बारिश के बाद मौसम में थोड़ी नरमी महसूस की गई.
अगले तीन दिनों तक बारिश के आसार
जिला कृषि विज्ञान केंद्र के प्रधान वैज्ञानिक डॉ. राम ईश्वर प्रसाद के अनुसार भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के आधार पर अगले तीन दिनों तक आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है. इस दौरान कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या गरज के साथ बौछार पड़ सकती है.
अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 से 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है.
रविवार को कुछ इलाकों में हल्की बारिश की संभावना
रविवार को जिले में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे. कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या गरज के साथ बौछार पड़ सकती है. अधिकतम तापमान करीब 35 और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
सोमवार को तेज बौछार के साथ बारिश के आसार
सोमवार को कुछ स्थानों पर तेज बौछार और गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इस दौरान तापमान 34 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. बारिश होने से उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है.
मंगलवार को भी नम रहेगा मौसम
मंगलवार को भी मौसम नम रहने की संभावना है. आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है. अधिकतम तापमान करीब 35 और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
लगातार बारिश होने की स्थिति में तापमान में मामूली गिरावट आ सकती है, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है.
यह भी पढ़ें: 7,194 एकड़ में 716.91 एकड़ जमीन गायब! बेतिया राज की जमीन खोजने में जुटा प्रशासन
