Nepal News: नेपाल के सुनसरी जिले के देवानगंज और सिरहा के गोलबाजार में हाल में हुई हिंसक घटनाओं के बाद उत्पन्न तनावपूर्ण माहौल के बीच शनिवार को धनुषा जिले के जनकपुरधाम में हिंदू–मुस्लिम एकता, सामाजिक सद्भाव और शांति का संदेश देने के उद्देश्य से विशाल सद्भाव रैली निकाली गई.
रेलवे स्टेशन से निकली सद्भाव रैली
धनुषा के प्रमुख जिला अधिकारी प्रेम प्रसाद लुईंटेल के नेतृत्व में जनकपुरधाम रेलवे स्टेशन से शुरू हुई रैली शहर के प्रमुख मार्गों और चौक-चौराहों से होकर गुजरी. रैली में शामिल लोगों ने "हिंदू–मुस्लिम भाई-भाई", "राष्ट्रीय एकता जिंदाबाद" और "सामाजिक सद्भाव अमर रहे" जैसे नारों के साथ भाईचारे और शांति का संदेश दिया.
जनप्रतिनिधियों और सुरक्षा एजेंसियों की रही भागीदारी
रैली में प्रतिनिधि सभा सदस्य मातृका प्रसाद यादव, सांसद राम बिनोद यादव, मनीष झा, प्रदेश सभा सदस्य रत्नेश्वर लाल गोइत सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, नेपाली सेना, सशस्त्र प्रहरी बल, नेपाल प्रहरी, नागरिक समाज, मानवाधिकार संगठनों और सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया.
हिंसा के बाद लिया गया था रैली का निर्णय
जिला प्रशासन के अनुसार, सुनसरी के देवानगंज और सिरहा के गोलबाजार में हुई घटनाओं के बाद कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कर्फ्यू लगाया गया था. इसके बाद आयोजित सर्वदलीय एवं सर्वपक्षीय बैठक में सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के उद्देश्य से सद्भाव रैली निकालने का निर्णय लिया गया.
हिंसक घटनाओं के बाद बढ़ी थी संवेदनशीलता
प्राप्त जानकारी के अनुसार, साउन 10 को सुनसरी जिले के देवानगंज गाउँपालिका-3, कप्तानगंज में डीजे बजाने को लेकर दो समुदायों के बीच विवाद हुआ था. इस दौरान पुलिस फायरिंग में ओमप्रकाश मेहता और जयप्रकाश मेहता घायल हो गए थे. वहीं सिरहा के गोलबाजार में विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस की गोली से गणेश यादव की मौत हो गई थी, जिसके बाद मधेश प्रदेश के कई जिलों में तनाव फैल गया.
सीमा पर हाई अलर्ट, सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
नेपाल सरकार स्थिति सामान्य करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है. कई क्षेत्रों में कर्फ्यू में ढील दी गई है, जबकि संवेदनशील इलाकों में नेपाल प्रहरी और सशस्त्र प्रहरी बल की तैनाती बढ़ाई गई है. सुरक्षा एजेंसियां लगातार गश्त कर रही हैं और कुछ संवेदनशील क्षेत्रों की हेलीकॉप्टर से भी निगरानी की जा रही है.
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए भारत-नेपाल सीमा पर भी हाई अलर्ट जारी है. सीमा पर एसएसबी और नेपाल सुरक्षा बल संयुक्त रूप से निगरानी बनाए हुए हैं.
यह भी पढ़ें: सीतामढ़ी में रिश्वत मांगने के आरोप में डेटा एंट्री ऑपरेटर बर्खास्त, मंत्री के निर्देश पर हुई कार्रवाई
