सूख गए चापाकल, ठप पड़ी नल-जल योजना... अब मुखिया ने भूख हड़ताल का किया ऐलान

सीतामढ़ी के डुपरी प्रखंड की हरदिया पंचायत भीषण जलसंकट से जूझ रही है. चापाकल सूख गए हैं और नल-जल योजनाएं ठप पड़ी हैं. मुखिया राजन कुमार ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि अगर एक हफ्ते में समाधान नहीं हुआ तो 3 अगस्त को भूख हड़ताल पर बैठेंगे.

Water Crisis Sitamarhi: पुपरी प्रखंड की हरदिया पंचायत में बढ़ते जलसंकट को लेकर अब विरोध की तैयारी शुरू हो गई है. पंचायत के मुखिया राजन कुमार ने चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर पेयजल समस्या का समाधान नहीं हुआ तो 3 अगस्त को सभी वार्ड सदस्यों के साथ प्रखंड कार्यालय के सामने भूख हड़ताल पर बैठेंगे.

इस संबंध में मुखिया ने बीडीओ को आवेदन देकर पंचायत की स्थिति से अवगत कराया है.

सूख गए चापाकल, पानी के लिए भटक रहे लोग

मुखिया ने आवेदन में कहा है कि भीषण गर्मी के कारण पूरे पंचायत में गंभीर जलसंकट पैदा हो गया है. कई घरों के चापाकल सूख चुके हैं, जिससे लोगों को पीने के पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है.

उन्होंने बताया कि पंचायत में नल-जल योजना भी कई जगहों पर बंद पड़ी है.

कहीं मोटर खराब, कहीं टूटी पाइपलाइन

आवेदन के अनुसार, कई स्थानों पर मोटर के स्टार्टर खराब हैं, जबकि कई जगह पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण जलापूर्ति बाधित है.

मुखिया का कहना है कि पीएचईडी के कनीय अभियंता को इस संबंध में शिकायत दी गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई.

ठेकेदार की कार्यशैली पर भी उठाए सवाल

मुखिया राजन कुमार ने आरोप लगाया कि नल-जल योजना से जुड़े ठेकेदार और उनके मुंशी लापरवाही बरत रहे हैं. इसका खामियाजा पंचायत के लोगों को भुगतना पड़ रहा है और जनप्रतिनिधियों को जनता की नाराजगी का सामना करना पड़ रहा है.

प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग

मुखिया ने प्रशासन से खराब मोटर, स्टार्टर और टूटी पाइपलाइन की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि लोगों को पेयजल संकट से राहत मिल सके.

उन्होंने कहा कि यदि निर्धारित समय के भीतर समस्या का समाधान नहीं हुआ तो 3 अगस्त को प्रखंड कार्यालय के समक्ष भूख हड़ताल कर आंदोलन शुरू किया जाएगा.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Baidnath thakur

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >