Chain Snatching: सीतामढ़ी शहर के मेहसौल थाना क्षेत्र के राजोपट्टी इलाके में दिनदहाड़े एक महिला शिक्षिका के साथ चेन झपटमारी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है. घटना 17 अगस्त की दोपहर करीब 12.15 बजे की है. इस मामले को लेकर बथनाहा थाना क्षेत्र के पंथ पाकड़ निवासी रजनीश कुमार की पत्नी सह शिक्षिका अनामिका ने मेहसौल थाना में लिखित आवेदन देकर न्याय और कड़ी कार्रवाई की गुहार लगाई है.
Crime News: आदर्श नगर से कार्यस्थल की ओर पैदल जा रही थीं शिक्षिका
पुलिस को दिए गए आवेदन के अनुसार, शिक्षिका अनामिका अपने वर्तमान आवास आदर्श नगर से पैदल ही अपने कार्यस्थल की ओर जा रही थीं. इसी दौरान जब वह बाइपास पेट्रोल पंप से करीब 20 मीटर आगे बढ़ीं, तो पीछे से बाइक पर सवार होकर आए दो शातिर बदमाशों ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली और तेजी से फरार हो गए. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक पर पीछे बैठे युवक की उम्र करीब 25 वर्ष आंकी गई है.
Teacher Robbery: 17-18 ग्राम वजनी थी चेन, पुलिस कर रही जांच
पीड़िता के अनुसार, बदमाशों द्वारा छीनी गई सोने की चेन का वजन लगभग 17 से 18 ग्राम था. घटना के तुरंत बाद शिक्षिका ने आसपास के लोगों को इस वारदात की जानकारी दी. दिनदहाड़े हुई इस दुस्साहसिक घटना के बाद इलाके के लोगों में दहशत और चर्चा का माहौल है. गौरतलब है कि कुछ दिन पहले भी डुमरा रोड स्थित राजोपट्टी में बाइक सवार दो युवकों ने एक दुकानदार के गले से चेन झपट ली थी. फिलहाल मेहसौल थाना पुलिस मामले की छानबीन कर रही है.
