साल के अंत तक जारी रहेगा शीतलहर, 25 से 27 तक पांच से छह घंटे धूप निकलने की संभावना

जिले में पिछले करीब सप्ताह भर से मौसम काफी खराब है. लगातार पछुआ हवा चल रही है. शीतलहर का प्रकोप जारी है, जिसके चलते जिले में पिछले पांच दिनों से हाड़ कंपा देने वाली ठंड पड़ रही है.

सीतामढ़ी. जिले में पिछले करीब सप्ताह भर से मौसम काफी खराब है. लगातार पछुआ हवा चल रही है. शीतलहर का प्रकोप जारी है, जिसके चलते जिले में पिछले पांच दिनों से हाड़ कंपा देने वाली ठंड पड़ रही है. शहर में भीड़ कम है. कई लोग घर दुबके रहने को मजबूर हैं. चाहे घर हो, दुकान हो, चौक-चौराहा हो, हर जगह लोग अलाव के पास बैठकर दिन गुजारने को मजबूर हैं. रुक-रुककर चल रही पछुआ हवा का झोंका लोगों के शरीर में ठिठुरन पैदा कर रहा है. रविवार को एक बार फिर बीते शुक्रवार की तरह अधिकतम तापमान में करीब चार डिग्री की गिरावट दर्ज की गयी. शुक्रवार को जहां, अधिकतम तापमान 18 डिग्री था. वहीं, जिला कृषि विज्ञान केंद्र के प्रधान वैज्ञानिक डॉ राम ईश्वर प्रसाद से मिली जानकारी के अनुसार, रविवार को जिले का अधिकतम तापमान करीब 19 डिग्री व न्यूनतम तापमान करीब 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. रविवार को लगातार चौथा दिन रहा, जब लोग दिन भर इंतजार करते रह गये, लेकिन धूप नहीं खिली. इससे महिलाओं को घर का काम-काज करने, बच्चों, बुजुर्गों एवं बीमारों को संभालने में व पशुपालकों को मवेशियों के लिये चारा जुटाने व उसकी देखभाल करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. सड़कों पर वाहनों की संख्या में काफी कमी देखी जा रही है. बाजार में चहल-पहल कम देखने को मिल रहा है. हालांकि, गर्म कपड़ों की बिक्री ने जोर पकड़ लिया है. रविवार को शहर के विभिन्न कपड़ों की दुकानों, शॉपिंग मॉल्स व गर्म कपड़ों की लगायी गयी सेल की कई दुकानों में गर्म कपड़ों की खरीददारी करने को भीड़ लगी दिखी. जिला कृषि विज्ञान केंद्र के प्रधान वैज्ञानिक डॉ प्रसाद के अनुसार, साल के अंत तक यानी 31 दिसंबर तक जिले का मौसम इसी तरह रहने का अनुमान है. रविवार को करीब एक घंटा मौसम खुला था. सोमवार को करीब दो घंटा व मंगलवार को करीब चार घंटे मौसम खुलेगा. इसी तरह 31 दिसंबर तक मौसम रहने का अनुमान है. इस बीच न्यूनतम तापमान 11 डिग्री व अधिकतम तापमान 19 से 23 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान जताया गया है. 25, 26 व 27 को पांच से छठ घंटे तक मौसम खुलने का अनुमान है. यानी इस बीच दो से तीन दिन धूप निकलने की संभावना है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: VINAY PANDEY

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >