सीतामढ़ी. मेहसौल थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है. उनके पास से चोरी की 5 मोटरसाइकिल व पांच हजार नकद बरामद किया गया हैं. सदर डीएसपी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि मेहसौल चौक स्थित सीटी काट मॉल से अज्ञात व्यक्ति के द्वारा बाइक चोरी की शिकायत दर्ज करायी गयी थी. तत्काल मॉल में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दिया गया. इसी बीच गुप्त सूचना के आधार पर मो सद्दाम अंसारी उर्फ कोबरा को कचबच्ची चौक (पुनौरा) के पास से पकड़ा गया. पूछताछ के दौरान उसके द्वारा अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर कई अन्य चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की गई. उसके द्वारा दिए गए स्वीकारोक्ति बयान एवं निशानदेही पर गिरोह के अन्य चार सदस्यों को एक-एक चोरी की मोटरसाइकिल के साथ पकड़ा गया. गिरफ्तार आरोपी की पहचान पुनौरा थाना क्षेत्र के गिरमिसानी निवासी मो सद्दाम अंसारी उर्फ कोबरा, बथनाहा थाना क्षेत्र के पंचगछिया वार्ड नंबर 14 निवासी रमेश कुमार, मनीष कुमार, ध्रुव कुमार व मेहसौल थाना क्षेत्र के कुष्ठ मोहल्ला निवासी जय किशोर साह उर्फ छोटू कुमार के रूप मे किया गया है. मेहसौल थानाध्यक्ष मोहम्मद असदुल्लाह ने बताया कि मुख्य अभियुक्त मो सद्दाम अंसारी उर्फ कोबरा पर मेहसौल व नगर थाना में पहले से बाइक चोरी का मामला दर्ज है. वही मुख्य अभियुक्त एवं अन्य अभियुक्तों की आपराधिक पृष्ठभूमि के बारे में पता लगाया जा रहा है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
