सीतामढ़ी. शुभ धनतेरस के साथ शनिवार को पांच दिवसीय दीपोत्सव का त्योहार शुरू हो गया. धनतेरस के दिन शनिवार को विभिन्न व्यावसायिक संस्थानों समेत मंदिरों में आयुर्वेद के देवता भगवान भनवंतरी की पूजा-आराधना की गयी. पूरा बाजार ग्राहकों से गुलजार रहा. लोगों ने अपने सामर्थ्य के अनुसार सोना, चांदी व हीरा जरित एक से बढ़कर एक आभूषणों की खरीदारी की. दोपहर 1.32 बजे से धनतेरस की खरीददारी का शुभ मुहूर्त शुरू हुआ, तब से लेकर देर रात तक बाजार खुले रहे और सर्राफा से लेकर बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक व मोटर वाहन समेत विभिन्न शॉपिंग मॉल्स में लोगों ने जमकर खरीदारी की. वहीं, झाडू की दुकानों में भी जमकर बिक्री हुई. सामर्थ्यवान लोगों ने लक्ष्मी-गणेश की चित्र वाले चांदी के सिक्कों एवं प्रतिमाओं की खरीददारी की. शहर समेत जिले भर के तमाम व्यावसायिक प्रतिष्ठान देर रात तक ग्राहकों गुलजार रहा. गुदरी बाजार, कोट बाजार, जानकी स्थान, सोनापट्टी, शंकर चौक, जानकी स्थान, बसवरिया, मोहनपुर, रीगा रोड व शहर के अन्य सड़कों पर शाम के बाद जाम की स्थिति बन गयी. कांस्य, पीतल व स्टील के बर्तन समेत लक्ष्मी गणेश की प्रतिमा, मिट्टी के दीये, झाडू, फोटो, सजावट की सामग्री, फूल, पटाखे, बम, राकेट, फुलझड़ियां इत्यादि की लोगों ने जमकर खरीददारी की. स्थायी दुकानों के अलावा सड़क किनारे भी दर्जनों दुकाने सजी थीं.
हरिओम श्री टीवीएस के प्रोपराइटर अभिषेक शांडिल्य के अनुसार, धनतेरस के अवसर पर उनके शो-रूम से 100 से अधिक बाइक की बिक्री हुई है. वहीं, एमके गोंडा एजेंसी के प्रोपराइटर मनोज कुमार ने भी करीब यही आंकड़ा बताया, एसपी-125 की अच्छी डिमांड रही. आरजे बजाज एजेंसी के प्रोपराइटर उमेश कुमार त्रिवेदी के अनुसार, उनके शो-रूम से भी दो दर्जन से अधिक बाइक की बिक्री हुई. यामाहा, हीरो एवं होंडा समेत अन्य कंपनियों को मिलाकर जिले भर में करीब एक हजार के आसपास बाइक की बिक्री होने का अनुमान है. वहीं, ई रिक्शा, ऑटो रिक्शा, ट्रैक्टर, इलेक्ट्रीक वाहन व चारपहिया वाहनों की भी अच्छी बिक्री का अनुमान है.
— ढाई लाख तक के क्यूएलइडी व पांच लाख तक के बिके सोना एवं हीरा के आभूषणसर्राफा दुकानदार विशाल कुमार, मनीष कुमार, अमित सर्राफ व अन्य से मिली जानकारी के अनुसार, धनतेरस के अवसर पर सर्राफा बाजार में पिछले वर्षों की तुलना में अच्छा कारोबार हुआ है. कई ग्राहको के द्वारा एक लाख से लेकर करीब पांच लाख तक के गोल्ड एवं डायमंड ज्वेलरी की खरीदारी की गयी है. वहीं, चांदी के सिक्के का कारोबार भी अच्छा हुआ.
— ढ़ाई लाख की बिक्री क्यूएलइडीशहर स्थित भारत साउंड सर्विस के प्रोपराइटर अमृत अमृत कुमार कुमार चौधरी के अनुसार, पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष धनतेरस पर खरीदारी को लेकर ज्यादा उत्साह दिखा, उनके शो-रूम से एक से ढाई लाख के अलग-अलग वैरायटीज के क्यूएलइडी टीवी की बिक्री हुई. अन्य कीमती इलेक्ट्रॉनिक सामानों की बिक्री भी ठीकठाक रहा. आदित्य विजन व इलेक्ट्रॉनिक प्लाजा समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामानों के शो-रूम में भी देर रात तक ग्राहक जमे रहे.
— बर्तन, दीया, प्रतिमा व सजावट सामग्री की भी हुई अच्छी बिक्रीबरतन दुकानदार दीपक कुमार ने बताया कि तांबा, पीतल व स्टील के बर्तनों की अच्छी बिक्री हुई. मिट्टी से निर्मित सामानों की दुकानदार जिबछी देवी व विकास कुमार ने बताया कि धनतेरस के अवसर पर पूर्व के वर्षों की तुलना में मिट्टी के दीयों को अच्छी बिक्री हुई है. मूर्ति एवं पूजा सामग्रियों के दुकानदार गुड्डू चौधरी ने बताया कि धनतेरस के अवसर पर लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमाओं का ठीकठाक कारोबार हुआ है. मेनरोड स्थित फोटो मेकर रामबाबू साह ने बताया कि गत वर्षों की तुलना में इस बार धनतेरस के अवसर पर धार्मिक चित्रों की बिक्री संतोषजनक हुई है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
