शिवहर. नये संकल्प और नये लक्ष्य के साथ गुरुवार को शिवहर जिले में लोगों ने नववर्ष 2026 का स्वागत श्रद्धा और उल्लास के साथ किया. पहली जनवरी की सुबह कुहासे और कंपकंपाती ठंड के बीच लोगों ने सिद्धिविनायक भगवान गणेश की वंदना कर दिन की शुरुआत की. जिले के ऐतिहासिक व धार्मिक तीर्थ स्थल बाबा भुवनेश्वर नाथ देकुली धाम मंदिर में हजारों श्रद्धालुओं ने महादेव पर जलाभिषेक व रुद्राभिषेक कर माता पार्वती की पूजा-अर्चना की और सुख-समृद्धि व शांति की कामना की. सुबह करीब 9:35 बजे हल्की धूप निकलते ही देकुली धाम सहित जिले के विभिन्न शिवालयों और देवालयों में पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ गई. कई स्थानों पर कीर्तन, भजन और सत्संग का आयोजन हुआ, जहां भक्तजन भक्ति भाव में लीन नजर आए. इससे पूर्व 31 दिसंबर की रात 12 बजते ही लोगों ने मोबाइल और सोशल मीडिया के माध्यम से एक-दूसरे को हैप्पी न्यू ईयर 2026 की शुभकामनाएं दीं.
नववर्ष के पहले दिन शहर के रानी पोखर, पछियारी पोखर, हनुमान गढ़ी, राम जानकी मठ, गौरीशंकर मंदिर सहित अन्य धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली. वहीं शहर की सड़कों पर डीजे की धुन पर झूमते युवा व बच्चों में खासा उत्साह नजर आया. दिन में धूप निकलने से ठंड से राहत मिली, लेकिन शाम होते ही कड़ाके की ठंड ने लोगों को फिर परेशान किया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
